हर धड़ा से बात कर बेहतर ढंग से मनाएंगे गुरुपर्व : ग्रेवाल!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार


-एसजीपीसी के महासचिव ने पहुंचते तख्तश्री कमेटी के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ की बैठक
पटना सिटी। तख्तश्री हरिमंदिर जी प्रबंधक कमेटी और यहां के धार्मिक मामलों में चल रही खींचतान के बाद सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने पहल की और अब सब कुछ सामान्य सा होता जा रहा है। वह खुद यहां पहुंचकर हर धड़े से बात कर शांतिपूर्ण और बेहतर तरीके से प्रकाश पर्व संपन्न कराने के लिए प्रयासरत हैं। पंजाब के सिखों ही नहीं, बल्कि देश के हर राज्य और विदेश में रहे सिखों का बिहार से अटूट रिश्ता है। इसके पीछे बड़ा कारण यह है कि हमारे दशम गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज ने यहां अवतार लिया है। इसलिए देश-दुनिया के सिखों का पटना गुरु का घर है, में आना जरूरी है। यह बात शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान गुरुवार की शाम कहीं। इस दौरान कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, महासचिव इंद्रजीत सिंह, सदस्य गुरविंदर सिंह आदि भी मौजूद थे। श्री ग्रेवाल ने कहा कि पिछले दिनों पटना साहिब में जो कुछ भी घटनाएं हुईं, उससे सिखों के मन में काफी दुख था। सभी प्रमुख तख्तश्री साहिब और अन्य गुरुद्वारों के प्रबंधन पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार की नजर होती है। बाद में स्थिति को समझते हुए और दशमेश पिता के प्रकाश पर्व को ध्यान में रखते हुए ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने तख्तश्री कमेटी को सहयोग के लिए पांच सदस्यों की समिति बनाई है। यह समिति सबों से विनती करने आई है। यह समिति यहां के प्रबंधन में दखल करने नहीं आई है, बल्कि मिल-जुलकर महाराज के गुरु पर्व को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने को आई है। जिन पांच लोगों की समिति बनाई गई है, उसमें बाबा मेजर सिंह, गुरचरण सिंह ग्रेवाल, सूरज सिंह नलवा, कोलकाता के अजीत सिंह बारी और महाराजा सिंह सोनू शामिल हैं। इसके अलावा टाटा के गुरचरण सिंह बिल्ला, रणवीर उर्फ दीपक सिंह लांबा और जगजीवन सिंह को भी इसमें जोड़ा गया है।
ऑनलाइन व ऑफलाइन बुकिंग
सदस्य गुरविंदर सिंह ने बताया कि फिलहाल टोल फ्री नंबर 180123 1150/51 कमरे की बुकिंग के लिए जारी किया गया है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से कमरे की बुकिंग हो रही है। अब तक करीब 723 लोगों ने बुकिंग कराई है। इसमें ओपी साह सामुदायिक भवन, पर्यटक सूचना केंद्र और दीदारगंज स्थित प्रकाश पुंज में बना रिहाइश शामिल है। साथ ही बताया गया कि अब तक बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उत्तराखंड के गवर्नर, पंजाब सरकार के तीन मंत्री, हरियाणा के गवर्नर आदि ने प्रकाश पर्व पर आने की सहमति दी है। बताया गया कि लगातार दो सालों से कोरोना महामारी के कारण संगत चाह कर भी पटना साहिब नहीं आ पा रही थी। मगर इस बार उन सबों की संख्या खासा अधिक होगी। महासचिव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि इस बार कम से कम 15 हजार से अधिक ही संगत पटना साहिब पहुंचेगी। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, झारखंड, नेपाल, आसाम, उड़ीसा और दक्षिण भारत से भी संगत आ रही है। कार्यकारी अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही ने बताया कि उनकी बातचीत केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से हुई है और संभावना है कि अमृतसर से दिल्ली के बीच चलने वाले विमान सेवा को एक-दो दिनों में शुरू कर दिया जाएगा। कुहासे के कारण यह सेवा फिलहाल स्थगित कर दी गयी है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव गुरचरण सिंह ग्रेवाल से जब पूछा गया कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह के द्वारा नौ मुद्दे पर हुक्मनामा जारी किया गया था, मगर अब भी उसमें तीन मुद्दे लंबित हैं। इस पर श्री ग्रेवाल ने कहा कि अभी हम सबों का मुख्य फोकस प्रकाश पर्व के निबटारे का है। इसकी समाप्ति के साथ ही 31 दिसंबर को प्रधान का चुनाव तख्तश्री कमेटी की बैठक में होनी है। इसके बाद बचे अन्य बिंदुओं पर विचार-विमर्श कर सहमति के साथ उसे भी लागू कराया जाएगा।
डेढ़ बजे निकलेगा नगर कीर्तन
मीडिया के द्वारा पूछे जाने पर कार्यकारी अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही ने बताया कि 28 दिसंबर को गुरुद्वारा गायघाट में श्री अखंड पाठ की समाप्ति के बाद कथा और कीर्तन होगा। इसके बाद अरदास और हुकुमनामा के बाद विशेष दीवान की समाप्ति होगी। गुरु का लंगर चलेगा। यहां से दोपहर करीब डेढ़ बजे पंज प्यारे की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी नगर कीर्तन के रूप में निकलेगी। यह अशोक राजपथ के पुरानी सिटीकोर्ट, पश्चिम दरवाजा, खाजेकलां, शहीद भगत सिंह चौक होता हुआ हर हाल में सायं 5.30 बजे तक तख्तश्री पटना साहिब पहुंच जाएगा। बाड़े की गली स्थित गुरु गोविंद सिंह बालिका उच्च विद्यालय में मतदान केंद्र होगा। प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत के दौरान यह तय किया गया है कि मतदान केंद्र के हिस्से को घेर दिया जाएगा और बाकी के हिस्से में संगतों को ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गुरद्वारा बाललीला मैनी संगत के बाबा सुखविंदर सिंह, बाबा गुरविंदर सिंह, बाबा सुक्खा सिंह बालिया के अलावा पूर्व महासचिव सरजिंदर सिंह, मनप्रीत सिंह, रविंद्रपाल सिंह, विक्की बग्गा आदि मौजूद थे।

Join us on:

Leave a Comment