दीप रंजन सिंह की रिपोर्ट!

बांका। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार सहित अन्य जन सरोकार से जुड़े मुद्दे को लेकर विधानसभा घेराव किया गया था। इस दौरान सभी विपक्षी पार्टियों के विधायक पर पत्थर फेंके जाने तथा विधानसभा में विधायकों के साथ अभद्र व्यवहार और पुलिस द्वारा मारपीट की कड़ी निंदा करते हुए युवा राजद के कार्यकर्ताओं ने शहर के गांधी चौक पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया। पुतला दहन के दौरान युवा राजद के कार्यकर्ताओं ने जमकर सरकार विरोधी नारे लगाए।
सरकार के इशारे पर नेताओं पर की गई लाठी चार्ज
राजद के जिलाध्यक्ष अर्जुन ठाकुर ने कहा कि 23 मार्च काे विधानसभा के धेराव काे लेकर युवा राजद के द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से मार्च निकाला जा रहा था। मार्च में शामिल नेता व कार्यकर्ताओं को सुशासन का राग अलापने वाले बिहार की निकम्मी और तानाशाही सरकार के इशारे पर पुलिस ने विधायकों और नेताओं को बर्बरतापूर्ण तरीके से पीटा। विधानसभा में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक बिल के विरोध करने पर विपक्ष के विधायकों के साथ पुलिस द्वारा मारपीट करने के साथ-साथ महिला विधायकों को अर्धनग्न कर पीटा गया। ये सारा काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इशारे में किया गया।
सरकार के पास नहीं है विकास का रोडमैप
युवा राजद के जिलाध्यक्ष विशाल यादव ने कहा कि सरकार ने 19 लाख युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था। लेकिन कई माह बीत जाने के बाद युवा अपने आप को ठगे महसूस कर रहे हैं। सरकार के पास कोई रोडमैप नहीं है। सूबे में भ्रष्टाचार चरम पर है। शिक्षा और स्वास्थ्य की व्यवस्था चौपट है। सुशासन बाबू के राज में कोई सुरक्षित नहीं है। जब तक बेरोजगार युवाओं को रोजगार और किसानों व छात्रों की समस्या को समाप्त नहीं किया जाता, तब तक राजद के द्वारा आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। पुतला दहन में राजद जिलाध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, अनिरुद्ध यादव, परवेज आलम, प्रदीप देव, पंकज यादव, कामेश्वर यादव, ठाकुर हेम्ब्रम, मिथलेश कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।