:- रवि शंकर अमित!
जिला प्रशासन, बेगूसराय एवं ओपन लिंक्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आचार्य विनोबा भावे कार्यक्रम के अंतर्गत आज एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी द्वारा 11 शिक्षकों को “जिला स्तरीय पोस्ट ऑफ द मंथ” सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्री आकाश कुमार, ओपन लिंक्स फाउंडेशन के प्रोजेक्ट ऑफिसर श्री परमजीत कुमार, आर्या एवं श्रवण कुमार मिश्रा सहित सभी सम्मानित शिक्षक उपस्थित रहे।
सम्मानित शिक्षकों ने अपने-अपने विद्यालयों में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, नवाचारों एवं उत्कृष्ट प्रयासों को नियमित रूप से ‘विनोबा ऐप’ के माध्यम से साझा किया। उनके द्वारा साझा किए गए प्रेरणादायक वीडियो अन्य शिक्षकों के लिए सीखने एवं अपने विद्यालयों में नवाचार अपनाने का एक सशक्त माध्यम बने। इन्हीं उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्यों के आधार पर सभी शिक्षकों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के उपरांत सभी शिक्षक जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनोज कुमार से शिष्टाचार भेंट करने पहुँचे। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि विनोबा ऐप के माध्यम से विद्यालयों की गतिविधियों एवं नवाचारों को साझा करना पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी शिक्षक भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संवर्धन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
सम्मानित शिक्षकगण में अनुराग कुमार (उच्च माध्यमिक विद्यालय राहतपुर), विभा रानी (उच्च माध्यमिक विद्यालय तरवन्ना), रंजीत कुमार यादव (प्राथमिक विद्यालय मकतब डुमरी), श्वेता कुमारी एवं रानी कुमारी (उच्च माध्यमिक विद्यालय जगदर), अमित कुमार (मध्य विद्यालय बदलपुरा), चंदन पाठक (मध्य विद्यालय विष्णुपुर अहोक), महेश कुमार (उच्च माध्यमिक विद्यालय बीरपुर), सोनी कुमारी (मध्य विद्यालय भर्रा), विनोद कुमार (प्राथमिक विद्यालय फतेहमुश्शरी) एवं अमर दीप शुक्ला (नवीन प्राथमिक विद्यालय मकदमपुर बजैया) शामिल हैं।
यह कार्यक्रम बेगूसराय जिले में नवाचार आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने तथा शिक्षकों के उत्कृष्ट प्रयासों को सम्मानित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।



