रिपोर्ट -अनमोल कुमार
अपहरण केस में पटना पुलिस को है तलाश
भाजपा का तंज-अंधेर नगरी में राजद के पॉकेट में ही राजा हो तो फिर डर किसका?
पटना : अपहरण के केस में फरार बिहार के पूर्व मंत्री कार्तिक कुमार उर्फ कार्तिकेय सिंह को पटना पुलिस तलाश कर रही है, जबकि कार्तिक कुमार खुलेआम घूमते हुए नजर आ रहे हैं। हाल ही में उनकी कुछ तस्वीरें सामने आईं जिनमें वो दशहरा पर लोगों से मिलते हुए नजर आ रहे हैं। अब मोकामा उपचुनाव में राजद उम्मीदवार और बाहुबली नेता अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के चुनाव प्रचार में भी कार्तिक कुमार खुले आम नजर आ रहे हैं। इस पर तंज कसते हुए भाजपा ने कहा कि बिहार के अंधेर नगरी में राजद के पॉकेट में ही राजा हो तो फिर डर किसका? मिली जानकारी के मुताबिक, हाल ही में नीलम सिंह के काफिले में कार्तिक कुमार को देखा गया। वे उपचुनाव में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के समर्थन में प्रचार भी कर रहे हैं। नीलम देवी के साथ घूमते उनकी एक तस्वीर भी वायरल हो रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि कार्तिक कुमार सिंह की जमानत याचिका पर अगले हफ्ते सुनवाई होनी है। यदि उन्हें जमानत नहीं मिलती है तो कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होगा, इसके तुरंत बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कानून पॉकेट में लेकर घूमते हैं कार्तिक सिंह : निखिल
भाजपा के प्रवक्ता निखिल आनंद ने बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के चुनाव प्रचार में उनकी मौजदूगी दिखाते हुए ट्वीट किया है। इसमें चुनावी मंच की तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा-कानून मंत्री का पद भले छोड़ दिया, लेकिन कार्तिक सिंह कानून पॉकेट में लेकर घूमते हैं। नीतीश कुमार की सुशासन पुलिस बिहार में जिस व्यक्ति को ढूंढने में लगी है वह मोकामा में राजद प्रत्याशी के प्रचार में व्यस्त हैं। बिहार के अंधेर नगरी में राजद के पॉकेट में ही राजा हो तो फिर डर किसका?
भाजपा प्रवक्ता ने एक और ट्वीट करते हुए लिखा-बिहार में फरार नेता राजद का हो तो उसको पकड़ना नीतीश कुमार की सुशासन पुलिस के लिए मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन भी है।कार्तिक सिंह पर जब मामला बना तब नीतीश जी ने चुप्पी साध ली। ललन सिंह ने मुहिम चलाकर इस्तीफा तो करवा दिया, लेकिन अब हिम्मत है तो पकड़वा कर दिखा दीजिए।
बता दें कि पिछले महीने पटना पुलिस ने कार्तिक कुमार सिंह के पटना और मोकामा स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी, लेकिन वे नहीं मिले। पुलिस ने अदालत में वारंट का प्रतिवेदन वापस कर दिया और कहा कि कार्तिक सिंह फरार हैं।




