पंचायत करने गए मुखिया पर ग्रामीणों ने किया हमला, पुलिस ने बचाया!

SHARE:

एसोसिएट एडिटर अश्विनी श्रीवास्तव की रिपोर्ट :

बांका(बिहार) :-

पुलिस के पहुंचने के बाद मुखिया हुए ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त !

अमरपुर थाना क्षेत्र के तारडीह पंचायत के गालिमपुर गांव में नाला विवाद को लेकर पंचायती करने पहुंचे मुखिया पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जमकर हुई रोड़े बाजी में मुखिया सहित कई लोग जख्मी हुए हैं। इधर इस घटना की खबर मिलते ही अमरपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से किसी तरह मुखिया प्रशांत कुमार को मुक्त कराया। बताया जा रहा है कि नाला के पानी निकासी को लेकर वार्ड नंबर 7 व वार्ड नंबर 8 के लोगों के बीच विवाद का माहौल कायम हो गया था। इस विवाद को सुलझाने को लेकर ही मुखिया वहां पहुंचे थे। पंचायत के मुखिया ने बताया कि गालिमपुर गांव के वार्ड नंबर सात एवं आठ में नाला को लेकर विवाद चल रहा था। गांव के लोगों का आरोप था कि नाले का पानी गांव के बाहर नहीं निकलने दिया जाता है। इस वजह से वार्ड नंबर सात में जलजमाव रहता है। नाले के गंदे पानी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। मुखिया ने वार्ड सदस्यों से मामले की जानकारी ली, उन्होंने मुखिया को पंचायती के लिए गांव बुला लिया। मुखिया ने दोनों वार्ड के लोगों को बुला कर मामले को सलटाने का प्रयास किया तथा नाले का पानी निकालने के लिए जमीन में गड्ढा करने का निर्देश दिया। इस पर कुछ ग्रामीणों ने ईंट पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इसमें मुखिया के अलावा एक पक्ष की रूची कुमारी एवं विकास कुमार तथा दूसरे पक्ष के गुड्डू यादव, नागेश्वर पंजियारा तथा अमरजीत कुमार जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची तथा मुखिया को वहां से निकाल कर सुरक्षित थाना लाया। सभी घायलों का इलाज रेफरल अस्पताल में किया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Join us on:

Leave a Comment