रिपोर्ट -अनमोल कुमार
एजी व निर्वाचन आयोग के पत्र सार्वजनिक करें, ताकि सच सामने आ सके
पटना : बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम व भाजपा से राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि निकाय चुनाव पर रोक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी गलतियां छिपाने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाकर समय बर्बाद न करें। उन्हें इस मुद्दे पर एजी (महाधिवक्ता) और राज्य निर्वाचन आयोग के पत्र सार्वजनिक करने चाहिए। सुशील मोदी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवज्ञा कर निकाय चुनाव कराने की सीएम नीतीश कुमार की जिद के कारण ही चुनाव पर रोक लगी और अतिपिछड़ों का दो साल बर्बाद हुआ। कितनों उम्मीदवारों के करोड़ों रुपये भी डूब गए। उन्होंने कहा कि क्या सरकार उनकी इस नुकसान की भरपायी करेगी? उन्होंने कहा कि पिछड़ों को ट्रिपल टेस्ट के आधार पर आरक्षण देने के बाद ही निकाय चुनाव कराने का सुप्रीम कोर्ट का आदेश सिर्फ महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के लिए नहीं, बल्कि बिहार सहित पूरे देश के लिए है। भाजपा नेता ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग और महाधिवक्ता ने भी ट्रिपल टेस्ट के आधार पर आरक्षण देने के बाद निकाय चुनाव कराने की बात कही थी, लेकिन सीएम नीतीश कुमार के दबाव में दोनों को अपना इरादा बदलना पड़ा। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में राजनीतिक आरक्षण देने के लिए सरकार अब बिना देर किए विशेष आयोग बनाये और इस मुद्दे पर सारे पत्राचार सार्वजनिक करे, ताकि सारा सच जनता के सामने आ सके।




