धर्मेंद्र कुमार की रिपोर्ट :-
अपराधियों की गोली से ग्राहक आयुष राज जख्मी
ANCHOR :_पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी जिले के केसरिया से इस वक्त की बड़ी खबर मिल रही है जहां थाना क्षेत्र के त्रिलोकवा बाजार पर मंगलवार की शाम बाइक सवार तीन अपराधियों ने सीएसपी को लूट लिया।
हथियार बंद अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में इस घटना को अंजाम दिया। मिल रही जानकारी के मुताबिक एक नीला रंग की अपाची बाइक पर सवार होकर तीन अपराधी त्रिलोकवा बाजार स्थित प्रेम कुमार सिंह के एसबीआई सीएसपी के समीप पहुंचे। बाइक से उतरते ही अपराधी सीएसपी के अंदर दाखिल हुए और हथियार के बल पर सीएसपी के ऑपरेटर अभिषेक कुमार सहित एक ग्राहक को अपने कब्जे में ले लिया।
अपराधियों ने सीएसपी ऑपरेटर से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिया। अपराधियों ने सीएसपी ऑपरेटर का मोबाइल भी लूट लिया। सीएसपी रुम से जब अपराधी बाहर निकले तो ग्रामीणों ने तीनों अपराधियों को लाठी-डंडे के बल पर घेर लिया। अपने आप को लोगों से घिरते देख अपराधियों ने फायरिंग शुरु कर दी। इस दौरान अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग की। सीएसपी से पैसा निकालने आए ग्राहक दरमाहा निवासी आयुष राज के जांघ में गोली लग गई।
चलते-चलते अपराधियों ने घायल आयुष राज से भी 45 हजार रुपये लूट लिया। इस घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी पश्चिम की ओर भाग निकले। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल को केसरिया युवराज हॉस्पिटल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मोतिहारी रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही केसरिया के थानाध्यक्ष कृष्ण प्रसाद सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और अपराधियों का पीछा किया। पुलिस ने त्रिलोकवा गांव के एक बगीचे से अपराधियों द्वारा सीएसपी ऑपरेटर से लूटी गई मोबाइल को बरामद कर लिया। वही घटना स्थल से थानाध्यक्ष ने मैगजीन के साथ तीन गोली को बरामद किया है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।




