जिले के सभी अंचलधिकारीयों के साथ डीएम ने की समीक्षा बैठक!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद।

जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में आज अंचल अधिकारियों के साथ राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम भू लगान राजस्व वसूली की अंचलवार समीक्षा की गई एवं इस संदर्भ में निर्देश दिया गया कि सरकार के राजस्व को उच्च प्राथमिकता पर रखते हुए भू लगान राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान रखना सुनिश्चित करेंगे। इस क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि भू लगान राजस्व वसूली के बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर तामिला करेंगे एवं वसूली हेतु नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
जिला पदाधिकारी द्वारा ऑनलाइन म्यूटेशन की समीक्षा की गई जिसमें मोदनगंज अंचल के प्रदर्शन पर असंतोष व्यक्त किया गया। प्रभारी पदाधिकारी जिला राजस्व शाखा सह भूमि सुधार उप समाहर्ता को म्यूटेशन के लंबित मामलों का सघन अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी अंचल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि म्यूटेशन के मामलों को बैकलॉग में नहीं रखेंगे और सभी लंबित मामलों पर त्वरित रूप से कार्रवाई कर निष्पादित करना सुनिश्चित करेंगे। इस क्रम में उनको यह भी निदेश दिया गया कि जमाबंदी रद्द होने के बाद जमाबंदी पंजी (रजिस्टर टू) में आवश्यक सुधार/संशोधन/अपडेशन की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे। साथ ही नियमानुसार एलपीसी सत्यापन सुनिश्चित करने हेतु अंचल अधिकारियों को निदेशित किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा अनुशासनहीन एवं लापरवाह राजस्व कर्मचारियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने प्रभारी पदाधिकारी जिला राजस्व शाखा सह भूमि सुधार उप समाहर्ता को निर्देश दिया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाले भूमि के अंतर विभागीय हस्तांतरण के गाइडलाइन के अनुपालन संबंधित अनुश्रवण सुनिश्चित करेंगे।
जिला पदाधिकारी ने प्रभारी पदाधिकारी जिला राजस्व शाखा सह
भूमि सुधार उप समाहर्ता को निर्देश दिया कि वह सभी अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सरकारी परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्धता हेतु समीक्षा करें एवं जिन सरकारी भवनों के लिए भूमि की आवश्यकता है उसे अंचल अधिकारियों के माध्यम से चिन्हित कराकर प्रस्ताव भेजना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा सी०डब्ल्यू० जे० सी एवं एम०जे०सी के लंबित मामलों को प्राथमिकता पर रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अंचल अधिकारी काको/घोषी द्वारा बताया गया कि घोषी प्रखंड के अहियासा में एक अतिक्रमण तथा काको प्रखंड के असियांमा में आठ अतिक्रमण को हटाया गया है, जिस पर जिला पदाधिकारी द्वारा संतोष व्यक्त करते हुए बैठक में सभी अंचल अधिकारियों को निदेशित किया गया कि लोक भूमि अतिक्रमण के मामलों विशेष कर माननीय मुख्यमंत्री जनता दरबार, जिला जनता दरबार एवं लोक शिकायत निवारण में आने वाले परिवादों को प्राथमिकता पर रखें और नियमानुसार लगातार कार्रवाई करना सुनिश्चित करें तथा अतिक्रमण हटाने संबंधित अनुपालन प्रतिवेदन भेजना सुनिश्चित करेंगे। जिला पदाधिकारी द्वारा दरधा नदी पर अतिक्रमण संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करने का निर्देश अंचल अधिकारी को दिया एवं इसका अनुश्रवण प्रभारी पदाधिकारी जिला राजस्व शाखा सह भूमि सुधार उप समाहर्ता करेंगे। इस क्रम में प्रभारी पदाधिकारी जिला राजस्व शाखा को अतिक्रमण हटाने संबंधित रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नीलाम वाद के अंतर्गत वसूलनीय राशि को भी राजस्व वसूली में जोड़ते हुए समेकित लक्ष्य निर्धारित कर उक्त बातों को गंभीरता से लेते हुए ससमय कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।
इसके साथ ही अंचल कार्यालयों में संचालित आरटीपीएस का प्रबंधन और संचालन सुदृढ़ करने का निदेश दिया गया।

Join us on:

Leave a Comment