रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
सीएम होने के नाते वे इन घटनाओं की जवाबदेही लेते हैं या नहीं, बताएं
हाजीपुर : हाजीपुर में हुई घटना के बाद केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने आज हाजीपुर में सीएम नीतीश कुमार से सीधा सवाल पूछा है कि वह बिहार के मुख्यमंत्री हैं भी या नहीं? उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज खत्म हो चुका है। नीतीश कुमार जिसे जनता का राज बताने की कोशिश कर रहे हैं वही जनता यह बता रही है कि बिहार में जंगलराज है। पहले बेगूसराय फिर पटना और हाजीपुर में फायरिंग की घटनाएं यही बता रही हैं कि राज्य में सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है और कानून व्यवस्था जैसी कोई चीज नहीं बची है। आज सुबह हाजीपुर पहुंचे गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ही बिहार की मौजूदा दुर्गति के लिए जिम्मेदार हैं। उन्हें इस बात का जवाब देना चाहिए कि वह मुख्यमंत्री होने के नाते इन घटनाओं की जवाबदेही लेते हैं या नहीं?
केंद्र मदद बंद कर दे तो बिहार के गांवों का विकास कार्य ठप्प हो जाएगा
केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि अगर केंद्र सरकार मदद देना बंद कर दे तो बिहार के गांव गांव में विकास कार्य ठप्प पड़ जाएगा। हकीकत तो यह है कि नितिन गडकरी जैसे केंद्रीय मंत्री ने नीतीश कुमार के साथ मंच पर 5 लाख करोड़ की योजना पर काम करने की बात कही थी और उस काम को गिना भी दिया था। नीतीश कुमार को यह बताना चाहिए कि पिछले आठ वर्षों में केंद्र सरकार से मिली राशि का कितना खर्च किया है?




