Search
Close this search box.

बहियार से युवक का शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंकज ठाकुर

बांका। जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत भागलपुर-हंसडीहा मुख्य सड़क मार्ग पर अवस्थित संझा गांव के बहियार से एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। शव को देखने के लिए बहियार में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। युवक के शरीर पर जख्म के कई गहरे निशान थे। ऐसा प्रतीत होता है कि किसी ने युवक की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए बहियार में फेंक दिया था। मृत युवक की पहचान शिकानपुर गांव निवासी विनोद यादव के 22 वर्षीय पुत्र नितेश कुमार यादव के रूप में हुई है। युवक शनिवार रात को ही घर से अपने बाइक से निकला था। जो लौट कर नहीं आया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया।

शनिवार रात को ही घर से निकला था युवक
मृत युवक के पिता विनोद यादव ने बताया कि उसका बेटा नितेश शनिवार को ही रात 8 बजे अपने घर शिकानपुर से निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर पता भी लगाया गया। लेकिन कुछ नहीं मालूम चल सका। सुबह संझा के कुछ ग्रामीणों ने सुजालकोरमा की ओर जाने वाली सड़क किनारे बाइक पड़ा देख फोन पर इसकी जानकारी दी। पहुंचने पर बहियार में लोगों की काफी भीड़ एकत्रित थी। पास जाकर देखा तो बेटे का शव पड़ा हुआ था। उसके शरीर पर जख्म के निशान थे ही। साथ ही उसका एक हाथ भी तोड़ दिया गया था। इसकी जानकारी रजौन थाना को दी गई।

बहियार से बरामद हुआ है युवक का शव
बहियार से शव मिलने की सूचना मिलते ही रजौन थानाध्यक्ष बुद्धदेव पासवान दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के शरीर पर जख्म के निशान पाए गए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि युवक को लोहे की सरिया से प्रहार किया गया है। साथ ही चाकू भी मारा गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इसमें प्रेम-प्रसंग का भी मामला सामने आ रहा है। हालांकि इस बात में कितनी सच्चाई है जांच के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं मृत युवक के पिता विनोद यादव के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुट गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें