रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
जिन्हें कोर्ट ने दोषी पाया, जेल में हैं, कुछ लोग उनका भी महिमांडन करते हैं
लाल किले से बिना किसी का नाम लिए प्रधानमंत्री ने किए वार
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से अपने संबोधन के दौरान भ्रष्टाचारियों पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने बगैर किसी का नाम लिए भ्रष्टाचार के दोषियों पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने इसके खिलाफ जंग में भारतवासियों का सहयोग भी मांगा है। इस दौरान उन्होंने भाई भतीजावाद के मुद्दे का भी जिक्र किया और कहा कि राजनीति के अलावा भी यह कई क्षेत्रों को प्रभावित कर रहा है। पीएम मोदी लाल किले पर से देश को संबोधित कर रहे थे तो उन्होंने भ्रष्टाचार का समर्थन करने वालों पर सवाल उठाए। हालांकि, उन्होंने इस दौरान किसी का भी नाम नहीं लिया है, लेकिन उनकी बातों को बिहार के हालिया सियासी घटनाक्रम और राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में हुए कांग्रेस के प्रदर्शनों से जोड़कर देखा जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि कई लोग तो इस हाल तक चले जाते हैं कि कुछ लोग जिन्हें कोर्ट ने दोषी पाया है, जेल में हैं। उनका भी महिमांडन करते हैं। जब तक भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारी के प्रति नफरत का भाव पैदा नहीं होता है, तब यह मानसिकता खत्म नहीं होगी। हमें इनके प्रति जागरूक होने की जरूरत है।
घोटालेबाजों पर भी साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि किसी के पास रहने को जगह नहीं और किसी के पास चोरी का माल रखने की जगह नहीं है। खास बात है कि पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सरकार में मंत्री रहे पार्थ चटर्जी के खिलाफ कार्रवाई की थी। शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में जांच कर रही ईडी को चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी के घर से करोड़ों रुपये की नकदी बरामद हुई थी।




