सरकारी स्कूल परिसर में ऑर्केस्ट्रा के दौरान पिस्टल लहराने और सिगरेट पीने का वीडियो वायरल!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के कलुआही प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय हरिपुर गौड़ी दास टोल परिसर में जन्माष्टमी पूजा के अवसर पर आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान पिस्टल लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। वीडियो में कृष्ण जन्माष्टमी के सांस्कृतिक कार्यक्रम (आर्केस्ट्रा) के दौरान एक डांसर हाथ में पिस्टल (बंदूक) जैसी चीज लहराती और सिगरेट पीती हुई अपने कला का प्रदर्शन करती हुई नजर आ रही है। पुलिस द्वारा जांच करने पर पिस्टल लाइटर निकली जिसे जब्त कर लिया गया। साथ ही नर्तकी और कार्यक्रम आयोजकों को ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई है। वहीं मामले के सामने आने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ( डी ई ओ) द्वारा बिना किसी विभागीय निर्देश एवं आदेश के विद्यालय परिसर में किसी भी कार्यक्रम का आयोजन करने की अनुमति नहीं देने का आदेश जारी कर दिया गया है।

मामले को लेकर थानाध्यक्ष ने क्या कहा?

कलुआही थानाध्यक्ष पायल भारती ने मामले को लेकर बताया है कि प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए कथित नर्तकी को थाना बुलाकर सत्यापन किया गया। थानाध्यक्ष पायल भारती ने बताया कि पुलिस जांच में यह सामने आया है कि वीडियो में दिख रही पिस्टल असली नहीं थी, बल्कि वह एक सिगरेट लाइटर था। इसके बावजूद पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है। नर्तकी और कार्यक्रम आयोजकों को ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई है। थानाध्यक्ष ने आगे बताया है कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकारी विद्यालय परिसर में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम की अनुमति पूजा कमेटी को शिक्षा विभाग से मिली थी या नहीं। इसी बिंदु पर जांच के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी मधुबनी को पत्र लिखा गया है।

क्यों और कहां हुआ था आयोजन, क्या है मामला?

गौरतलब है कि जिले के कलुआही प्रखंड के मध्य विद्यालय हरिपुर गौड़ीदास टोल परिसर में कई मंदिर हैं और वर्षों से वहां छह दिवसीय जन्माष्टमी पूजा का आयोजन होता रहा है। जहां भगवान कृष्ण के जन्म से छठिहार तक पूजा श्रद्धापूर्वक मनाई जाती है। 50 साल पूरे होने की खुशी में कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम (आर्केस्ट्रा) का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान एक गाना (“छतियो में छह गोली ठोक देबे रे”) बज रहा था, जिस पर डांसर एक हाथ में सिगरेट और दूसरे हाथ में हथियार जैसी चीज लहराते हुए अपने कला का प्रदर्शन कर रही थी। आयोजन समिति के सदस्यों के अनुसार, जब कार्यक्रम में गलत तरीके से प्रस्तुति दी जाने लगी और माहौल बिगड़ने लगा, तो उन्होंने आखिरी समय पर खुद ही इस कार्यक्रम को रुकवा दिया था। स्कूल परिसर में इस तरह के आयोजन को लेकर लोगों ने काफी आपत्ति जताई।

मामले सामने आने बाद डीईओ ने जारी किया आदेश

हालांकि मामला सामने आने के बाद जिले के सरकारी विद्यालयों को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी मधुबनी ने बड़ा आदेश जारी किया है। ज्ञापांक 4951 दिनांक 08/09/2026 के द्वारा जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि जिले के अधिकांश विद्यालयों के संबंध में प्राप्त सूचना के अनुसार विद्यालय के पोषक क्षेत्र में अवस्थित ग्रामीणों, मुहल्ला वासियों द्वारा विद्यालय परिसर में किसी विशेष अवसर पर अनेकों कार्यक्रम आयोजित की जाती है, जिससे विद्यालयों का शैक्षणिक वातावरण जैसे कि छात्र-छात्राओं का शिक्षण कार्य एवं खेल-कूद संबंधित गतिविधि प्रभावित होता है।

आदेश के उल्लंघन पर उनके विरुद्ध की जाएगी अनुशासनिक कार्रवाई

जिसे देखते हुए आदेश दिया गया है कि जिले के सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक बिना किसी विभागीय निर्देश एवं आदेश के विद्यालय परिसर में किसी भी कार्यक्रम का आयोजन करने की अनुमति नहीं देंगे। यदि इसमें किसी प्रकार की शिथिलता पाई जाती है, तो सीधे प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक को दोषी मानते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जायेगी। इस आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी और जिलाधिकारी मधुबनी को भेजी गई है।

गौरतलब हो कि कलुआही प्रखंड के एक स्कूल में आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम का विडियो वायरल हुआ था। लेकिन इस बार आर्केस्ट्रा में अश्लील गीत और हथियार लहराने की घटना ने पूजा समिति और आयोजकों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आयोजन समिति ने यह स्वीकार किया कि स्कूल परिसर में सिगरेट पीना और ऐसी गतिविधियां समाज में गलत संदेश देती हैं। उन्होंने साफ किया है कि भविष्य में स्कूल परिसर में ऐसा कोई भी कार्यक्रम नहीं कराया जाएगा।

विजुअल: पूजा/कार्यक्रम का वीडियो, वायरल वीडियो, जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) द्वारा जारी आदेश की कॉपी

Join us on: