संजय कर्ण की रिपोर्ट :-
●रैयाम पक्षिमी पंचायत वार्ड 4 के मुसहरी टोला रहने वाली थी मृतका
●पोस्टमार्टम में लाश को भेजकर अनुसंधान में जुटी पुलिस
प्रथम दृष्टया हत्या के कारण का कोई अता पता नहीं
मधुबनी जिले के झंझारपुर अनुमंडल क्षेत्र के भैरवस्थान थाना क्षेत्र स्थित रैयाम पश्चिमी पंचायत के ओझा गाछी में एक 38 वर्षीय विवाहिता की लाश फेंकी हुई मिली। घनी गाछी में किसी ने लाश को देखा और सूचना आग की तरफ फैली। सूचना मिलते ही भैरवस्थान एसएचओ रूपक कुमार अंबुज अपने अनुसंधान टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीपीओ आशीष आनंद भी कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंचकर तमाम संभावनाओं के बाबत पूछताछ की। प्रथम दृष्टया हत्या किए जाने के कारण का पता नहीं लग पा रहा है।एसडीपीओ ने कहा कि लाश की पहचान हो गई है। वह वार्ड नंबर 4 मुसहरी टोल के रहने वाले सरोज सदाय की 38 वर्षीय कुसमा देवी थी। उसके गर्दन पर और बाह पर किसी धारदार हथियार से प्रहार किया गया था। घनी गाछी में बांस के जड़ के समीप महिला की लाश पड़ी थी और गर्दन से निकला काफी खून भी जमीन पर पड़ा हुआ था। पुलिस पंचनामा बनाकर लाश को पोस्टमार्टम में भेजा है। एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस अनुसंधान कर रही है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज होगी अन्यथा पुलिस स्वयं मामला दर्ज कर अनुसंधान को आगे बढ़ाएगी।
मृतका के पति हैं मानसिक अस्वस्थ- स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका कुसमा देवी मेहनत मजदूरी कर अपने 10 वर्षीय लड़के और 8 वर्षीय लड़की के अलावा मानसिक रूप से विक्षिप्त पति सरोज सदाय का भरण पोषण करती थी। जानकारी अनुसार गुरुवार की शाम 7 बजे वह अपने घर से सब्जी लेने चौक पर जाने की बात कही और रात में वापस नहीं आई। उसके पुत्र और दियादिनी ने महिला के मोबाइल पर काफी फोन किया। मगर फ़ोन अनरीचेबल बताता रहा। सुबह 10 से 11 बजे के बीच गाछी में किसी की नजर महिला पर पड़ी और भीड़ पहुंची तो उसकी पहचान कुसमा देवी के रूप में हुई। कुसमा देवी के पति सरोज सदाय के सभी पांच भाई बाहर मजदूरी करने गए हुए हैं। घर में सिर्फ महिलाएं हैं। मृतका का नैहर लखनौर प्रखंड में पड़ता है, वह राम सुगीन सदाय की पुत्री बताई जाती है। लोगों ने बताया कि हत्या के कारण का कोई अंदाजा नहीं लग रहा है। महिला की हत्या कर गांव के कुछ ही दूर पर सड़क से लगभग 400 गज दूर घनी गाछी में फेंकी गई थी। चौक के दुकानदार ने बताया कि महिला साढ़े सात बजे आलू खरीदकर गांव की ओर गई थी। मेहनत मजदूरी कर अपने विक्षिप्त पति के साथ बाल बच्चों के भरण पोषण करने वाली कर्मठ महिला की बेबजह हत्या की बात लोगों को हजम नहीं हो रहा है। एसएचओ रूपक कुमार अंबुज ने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और अनुसंधान आगे बढ़ने के बाद हत्या के कारणों का भी खुलासा जल्द ही होगा। महिला के पास से मोबाइल नही मिला। मोबाइल नंबर को प्राप्त कर उस पर भी अनुसंधान शुरू किया गया है।




