मिथुन चक्रवर्ती का बड़ा दावा-ममता के 38 MLA हमारे संपर्क में!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-

कहा-टीएमसी के 21 विधायकों से हो रही है बातचीत
भाजपा नेता-अभिनेता मिथुन टीएमसी को झटका देने की तैयारी में

कोलकाता : टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर जहां भाजपा पर हमलावर है, वहीं बंगाल भाजपा ममता बनर्जी को बड़ा झटका देने की तैयारी में है। बॉलीवुड स्टार से भाजपा नेता बने मिथुन चक्रवर्ती ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी के 38 विधायक हमारे संपर्क में हैं, जिनमें 21 से लगातार हमारी बातचीत हो रही है।

बता दें कि समय-समय पर टीएमसी की तरफ से यह दावा किया जाता रहा है कि भाजपा के कई नेता और विधायक उनके संपर्क में हैं लेकिन इस बार ठीक वैसा ही दावा भाजपा ने किया है। भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के 38 विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इनमें से 21 विधायक सीधे उनके संपर्क में हैं। मिथुन चक्रवर्ती के इस दावे के बाद पश्चिम बंगाल की सियासत में हलचल तेज हो गई है। हालांकि इस संदर्भ में खबर लिखे जाने तक टीएमसी के किसी भी नेता का बयान सामने नहीं आया है। हालांकि माना जा रहा है कि टीएमसी मिथुन चक्रवर्ती के इन दावों का खंडन जरूर करेगी।
मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी टीएमसी ने जबरदस्ती चुनाव जीता है। ऐसे में हिंदी में एक कहावत है कि जबरदस्ती छीनी हुई चीजों को संभालना मुश्किल होता है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर विधानसभा चुनाव फिर से हुए तो भाजपा की जीत तय है।
ममता के दावे पर पलटवार
दरअसल, ममता बनर्जी ने दावा किया था कि साल 2024 में भाजपा सत्ता में नहीं आएगी। इस सवाल का जवाब देते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि क्या आप ब्रेकिंग न्यूज सुनना चाहते हैं? इस समय तृणमूल कांग्रेस के 38 विधायक हमारे संपर्क में हैं, जिनमें से 21 सीधे (मेरे संपर्क) हैं।

Join us on:

Leave a Comment