घरेलू व वैश्विक सुरक्षा के लिए चीन ‘नंबर 1 खतरा’ : ऋषि सुनक!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-

बोले-ब्रिटेन का पीएम बनने पर लूंगा सख्त एक्शन
चीनी जासूसी से निपटने का निकालेंगे रास्ता

लंदन : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की दौड़ में आगे चल रहे भारतीय मूल के ऋषि सुनक ने चीन पर सख्त होने का वादा किया है। रविवार को उन्होंने एशियाई महाशक्ति को घरेलू और वैश्विक सुरक्षा के लिए ‘नंबर 1 खतरा’ बताया। दरअसल, सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी की लिज ट्रस ने उन पर चीन और रूस पर कमजोर होने का आरोप लगाया था। जिसके जवाब में सुनक का यह बयान आया है।
इससे पहले चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने सुनक को ब्रिटेन-चीन संबंधों को विकसित करने पर एक स्पष्ट और व्यावहारिक दृष्टिकोण रखने वाला उम्मीदवार बताया था। ऐसे में सुनक का हालिया बयान चीनी प्रशासन के लिए भी झटके से कम नहीं है।
हमारी तकनीक चुरा रहा चीन
सुनक ने दावा किया कि चीन ‘हमारी तकनीक’ चुरा रहा है और हमारे विश्वविद्यालयों में घुसपैठ कर रहा है। साथ ही चीन रूसी तेल खरीदकर विदेश में व्लादिमीर पुतिन को बढ़ावा दे रहा है। इसके अलावा ताइवान सहित पड़ोसियों को धमकाने के प्रयास में भी लगा हुआ है। उन्होंने चीन की वैश्विक बेल्ट एंड रोड योजना पर अपमानजनक ऋण के जरिए विकासशील देशों को दबाने का आरोप लगाया।
अपनी यूनिवर्सिटीज से चीनी कम्युनिस्ट पार्टी को निकाल देंगे
सुनक ने कहा कि हम अपनी यूनिवर्सिटीज से चीनी कम्युनिस्ट पार्टी को बाहर निकाल देंगे। साथ ही उच्च शिक्षा प्रतिष्ठानों को मिलने वाली $60,000 से अधिक की विदेशी फंडिंग का पता लगाएंगे। ब्रिटेन की घरेलू जासूसी एजेंसी MI5 का इस्तेमाल चीनी जासूसी से निपटने में मदद के लिए किया जाएगा। साइबर स्पेस में चीनी खतरों से निपटने के लिए नाटो-स्टाइल में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग का प्रयास करेंगे।

Join us on:

Leave a Comment