रवि शंकर शर्मा :-
पीएम मोदी ने किया देवघर एयरपोर्ट व एम्स का उद्घाटन
कहा-बाबा वैद्यनाथ के आशीर्वाद से वर्षों पुराना सपना साकार हुआ
16 हजार करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात भी दी
रिपोर्ट -अनमोल कुमार
देवघर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बाबानगरी देवघर में नवनिर्मित इंटरनेशनल देवघर एयरपोर्ट और एम्स का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने 16 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि बाबा वैद्यनाथ के आशीर्वाद से देवघर एयरपोर्ट और एम्स का वर्षों पुराना सपना आज साकार हुआ है। बाबा वैद्यनाथ की धरती पर आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। देवघर एयरपोर्ट से हर साल करीब पांच लाख लोग हवाई यात्रा कर सकेंगे। आज देवघर से कोलकाता के लिए हवाई सेवा शुरू हो गई है। दिल्ली, मुंबई और पटना के लिए भी जल्द फ्लाईट शुरू होगी।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार का मकसद है कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा कर सके। जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर केंद्र सरकार का विशेष फोकस है। हम सभी को मिलकर विकास की गति को तेज करना है। पीएम ने संताल परगना के विकास की गति और तेज करने की बात कही।
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक विमानन और उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि झारखंड में देवघर के बाद बोकारो, दुमका और जमशेदपुर में भी कॉमर्शियल हवाई अड्डे का निर्माण किया जाएगा।
सीएम सोरेन ने जताया आभार
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि देवघर एयरपोर्ट के रूप में झारखंड का सपना साकार करने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद दिया। केंद्र सरकार का सहयोग मिला तो झारखंड अगले पांच-सात सालों में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।




