रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
शौचालय निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप
पटना : भाजपा विधायक अरुण शंकर प्रसाद बिहार विधानसभा में मंगलवार को नीतीश सरकार पर हमलावर अंदाज में कहा है कि बिहार की नाक कट रही है। आखिर हम निचले पायदान पर कैसे पहुंच गए? सर्वे में पाया गया है कि 62 प्रतिशत घरों में ही शौचालय है। 38 प्रतिशत घरों में शौचालय नहीं है। इसमें बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार है। आखिर सरकार क्या कर रही है। इस पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने सदन में बताया कि हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। जांच कराकर 40 हजार शौचालय निर्माण में गड़बड़ी पकड़ी गई है।
शौचालय पर सरकार काम कर रही : मंत्री
ग्रामीण विकास मंत्री ने बताया कि शौचालय के बिना अब कोई न रहे इस पर सरकार काम कर रही है। 9000 सार्वजनिक शौचालय बनवाये गए हैं। अधिकांश अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों में शौचालय की कमी है। 77 प्रतिशत घरों में शौचालय है। हमारी कोशिश है कि सभी घरों में शौचालय हो।
भाजपा विधायक अरुण शंकर प्रसाद द्वारा बिहार की नाक कट रही है, पर विधानसभा अध्यक्ष ने ऐतराज जताया और कहा कि इसका कोई मतलब नहीं है। आप बैठिए, दूसरा कोई पूरक हो तो पूछें। इस पर जदयू विधायक रत्नेश सदा ने कहा कि शौचालय बनाने की राशि में बढ़ोतरी की जाए।




