आर्थिक तंगी से परेशान परिवार ने दी जान, 5 ने की आत्महत्या!

SHARE:

अनमोल कुमार की रिपोर्ट

हृदयद्रावक : आर्थिक तंगी से एक ही परिवार के 5 लोग फंदे पर लटके मिले

समस्तीपुर की घटना, मृतकों में पति-पत्नी, दो पुत्र व मां

: बिहार के समस्तीपुर से एक हृदयद्रावक घटना सामने आई है। जिले के विद्यापतिनगर थाना के मऊ गांव में आज रविवार को एक ही परिवार के पांच लोगों की फंदे से लटकी लाश मिली। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस आननफानन में पहुंच कर मामले की जांच में जुट गयी। मृतकों में मनोज कुमार झा (35), उसकी पत्नी सुन्दरमणि (25), पुत्र शिवम (6), सत्यम कुमार (5) और मां सीता देवी (65) शामिल है। इस लोमहर्षक घटना पीछे आर्थिक तंगी बताया जा रहा हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि सुबह साढ़े सात से आठ बजे के बीच स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मनोज के घर पहुंची और घर बंद देख उसकी पत्नी को आवाज लगायी। जब काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई उत्तर नहीं मिला तो आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। पड़ोस के लोगों ने भी आवाज लगाने के बाद दरवाजे को काफी खटखटाया, लेकिन कोई जबाव नहीं मिला तब लोगों ने किसी तरह खिड़की से झांक कर देखा तो सभी को फंदे से लटका देख स्तब्ध रह गए।
इसकी जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ आई। सूचना मिलने पर विद्यापतिनगर थाने की पुलिस पहुंची। बाद में दलसिंहसराय डीएसपी भी गांव पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों में बताया कि मनोज मऊ बाजार में फुटपाथ पर खैनी की दुकान करता था, लेकिन उससे परिवार का सही से भरण पोषण नहीं कर पा रहा था। उसके पास कोई जमीन भी नहीं थी।
स्वयं सहायता समूह से लिया कर्ज चुकाने का था दवाब
ग्रामीणों के बीच चर्चा के अनुसार, मनोज की पत्नी ने घर की आर्थिक स्थिति ठीक करने के लिए स्वयं सहायता समूह से कर्ज लिया था। लेकिन वह कर्ज की किस्तें नहीं चुका पा रही थी। जिसे चुकाने के लिए उस पर लगातार दवाब पड़ रहा था।

Join us on:

Leave a Comment