निलांबुज कुमार झा की रिपोर्ट
मंगलवार को गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर एवं पूरनमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर नरगा कोठी के राकेश सलारपुरिया सभागार में वैदिक मंत्रोच्चार करते हुए हवन पूजन के साथ सत्र 2022-23 का शुभारंभ किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज कुमार कौशिक, वरिष्ठ माध्यमिक के शिक्षण प्रमुख अभिमन्यु कुमार, माध्यमिक खंड के शिक्षण प्रमुख लव त्रिपाठी एवं प्राथमिक खंड के शिक्षण प्रमुख अमर ज्योति द्वारा हवन में आहुति दिया गया। विद्यालय के आचार्य अनिल मिश्रा ने पूजन एवं हवन का कार्य कराया। तत्पश्चात विद्यालय के आचार्य/ आचार्या/ कर्मचारीगण एवं भैया बहनों द्वारा हवन में आहुति दी गई। हवन के बाद प्रधानाचार्य एवं शिक्षण प्रमुख द्वारा दीप प्रज्वलित कर वंदना की गई।
प्रधानाचार्य नीरज कुमार कौशिक ने कहा कि नवीन सत्र के प्रारंभ में आध्यात्मिक वातावरण से वर्षभर नकारात्मक शक्तियां विद्यालय से दूर रहती है। कोई भी शुभ कार्य प्रारंभ करने से पूर्व ईश्वर का ध्यान एवं आराधना करनी चाहिए इससे शांति और समृद्धि का भाव प्रसारित होता है।
डॉ संजीव झा द्वारा भैया बहनों को विद्यालय व्यवस्था संबंधी बातों को बताया गया। उन्होंने कहा कि लगन और मेहनत से पढ़ाई करें तथा अपने विद्यालय को गौरवान्वित करें। नियमित रूप से विद्यालय आए तथा अध्ययन में जो भी परेशानी महसूस हो उसका समाधान विषय के आचार्यों से जरूर करें।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य /आचार्य /आचार्या/ कर्मचारीगण एवं कक्षा अरुण से द्वादश के भैया/बहन उपस्थित थे।




