शोभाराम पण्डा की रिपोर्ट
माघ महीने के आखिरी रविवार पर सूर्य मंदिर केशरी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
बासुकीनाथ (दुमका)
जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के केशरी गाँव स्थित प्रसिद्ध सूर्य मन्दिर में आज रविवार को पूजा – अर्चना एवं बलि प्रदान करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी । भीड़ के कारण मेले जैसा दृश्य नजर आ रहा था। संताल परगना के सभी जिलों से आये श्रद्धालुओं से केशरी सूर्य मन्दिर दिन भर गुलजार रहा। रविवार को मन्दिर के समीप दर्जनों दुकानों पर भी भीड़ लगी रही ।भगवान भास्कर की पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालुओं द्वारा दर्जनों पाठों की बलि प्रदान की गई। वैसे तो केशरी के इस सूर्य मन्दिर में सालो भर प्रत्येक रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा अर्चना को लेकर उमड़ती है,जो दुमका जिला के आसपास के ग्रामीणों की होती है । लेकिन माघ महीने के आखिरी रविवार की बात ही कुछ और ही है। इस रविवार में दूर दराज से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पूजा अर्चना के लिये जुटती है। दुमका, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ जिले से आये श्रद्धालुओं की भीड़ माघ महीने के अंतिम रविवार को भारी संख्या में विभिन्न तरह के वाहनों से आकर सूर्य मन्दिर में अपनी हाजिरी लगाने एवं मनौतियों के पूरा होने पर पूजा अर्चना एवं बलि प्रदान करने आते हैं। भगवान सुर्य के इस दरबार मे आने से पहले कड़े नियमों का पालन श्रद्धालुओं को करना पड़ता है। शनिवार को पुर्ण शाकाहारी भोजन कर के रविवार को सुर्य मन्दिर केशरी में हाजिर होना पड़ता है । रोग, शोक,दुःख, दारिद्र सभी को सुर्य भगवान दुर करते हैं। इस सुर्य मन्दिर के प्रति आमजनों में आस्था देखते ही बनती है।




