ब्यूरो रिपोर्ट शंखनाद
गंभीर रूप से घायल 9 लोगों का दुमका फूलो झानो अस्पताल में हो रहा है इलाज
जरमुंडी (दुमका)
जरमुंडी थाना क्षेत्र के बासुकीनाथ देवघर मुख्य मार्ग के जमुआ दुधानी के पास देर रात सड़क हादसे में बस में सवार महिला पुरुष समेत 34 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 9 की स्थिति गंभीर है| जिन्हें सीएचसी जरमुंडी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल दुमका भेज दिया गया है। घटना के बाद कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने संज्ञान लेते हुए जरमुंडी पुलिस प्रशासन को अलर्ट किया और जरमुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू ,अंचलाधिकारी राजकुमार प्रसाद, नगर पंचायत बासुकिनाथ के कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष ओझा एवं जरमुंडी पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी दयानंद साह के द्वारा मामूली रूप से घायल लोगों का उपचार कर उन्हें बासुकीनाथ स्थित बस स्टैंड के समीप आश्रय गृह में रखा गया है और श्रद्धालुओं के रहने एवं खाने पीने की व्यवस्था की जा रही है तथा सभी श्रद्धालुओं को सकुशल घर वापस भेजने की व्यवस्था की जा रही है। बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी श्रद्धालु बासुकीनाथ धाम से पूजा अर्चना कर देर रात अपने घर बिहार के नालंदा जिला जा रहे थे इसी क्रम में दुधानी के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई जिसके बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन एवं समाजसेवियों की मदद से घायलों को सीएचसी जरमुंडी पहुंचाया गया।



