प्रशान्त कुमार की रिपोर्ट
बेगूसराय बिहार
बेगूसराय में बकाया पैसे मांगने पर स्वर्ण व्यवसाई के साथ मारपीट की घटना में पुलिसिया कार्रवाई से नाराज व्यवसायियों ने बाजार में कैंडल मार्च निकालकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। दरअसल तेघरा बाजार के स्वर्ण व्यवसाई सोनू कुमार का आरोप है कि 1 फरवरी की शाम बकाया राशि मांगने पर एक व्यक्ति के द्वारा 10- 12 युवकों को लाठी डंडे के साथ बुला लिया गया और दुकान के पास ही उसकी जमकर पिटाई की गई। इस बात की जानकारी तेघड़ा थाना पुलिस को भी दी गई और व्यवसायियों ने भी थाना पर पहुंचकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की लेकिन घटना के 2 दिनों के बाद भी पुलिस के द्वारा कोई कार्यवाही नहीं होने से नाराज होकर व्यवसायियों ने गुरुवार की शाम तेघड़ा बाजार में कैंडल मार्च निकालकर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। व्यवसाई के साथ मारपीट के दौरान मारपीट का वीडियो भी वायरल हो रहा है लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं होने से व्यवसायियों में खासा आक्रोश है। व्यवसायियों ने प्रशासन से आरोपियों पर जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।




