मुख्यमंत्री ने वर्चुअली भोजपुर जिला के तरारी स्थित प्राचीन देव सूर्य मंदिर के विकास कार्यों का किया उद्घाटन!

SHARE:

रिपोर्ट – रवि शंकर शर्मा!

छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भोजपुर जिला के तरारी स्थित प्राचीन देव सूर्य मंदिर के विकास कार्यों का किया उद्घाटन

भगवान सूर्य ऊर्जा के शाश्वत स्रोत हैं, बिहार में सदियों से होती आ रही है सूर्य भगवान की उपासना-सम्राट

मुख्य बिंदु :-

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भोजपुर जिले के तरारी स्थित प्राचीन देव सूर्य मंदिर के 14.78 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का उद्घाटन किया।

बिहार में सदियों से सूर्य उपासना की परंपरा रही है। छठ महापर्व हमारी लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का दिया निर्देश। सभी लोगों से छठ महापर्व को शांति और स‌द्भाव के साथ मनाने की अपील की।

भोजपुर जिला अंतर्गत देव सूर्य मंदिर, तरारी में काफी पुरानी मूर्तियां अवस्थित हैं। इस परिसर का विकास होने से पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा तथा स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

पटना, 14 नवम्बर 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से 14.78 करोड़ रूपये की लागत से भोजपुर जिला अंतर्गत देव सूर्य मंदिर परिसर तरारी, के विकास कार्यों का रिमोर्ट के माध्यम से उद्घाटन किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के इस कार्यक्रम में सभी का स्वागत करता हूँ। आज छठ महापर्व का दूसरा दिन है, भगवान सूर्य नारायण के श्रीचरणों में नमन करते हुए समस्त राज्यवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ। आज 14.78 करोड़ रूपये की लागत से भोजपुर जिला अंतर्गत देव सूर्य मंदिर परिसर
तरारी, के विकास कार्यों का उ‌द्घाटन किया गया है। यह तरारीवासियों सहित हम सभी के लिए प्रसन्नता की बात है। इस अवसर पर पर्यटन विभाग को भी बधाई देता हूँ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देव सूर्य मंदिर अत्यंत प्राचीन एवं धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य की आराधना के लिए पहुंचते हैं। भोजपुर जिला अंतर्गत देव सूर्य मंदिर, तरारी में काफी पुरानी मूर्तियां अवस्थित हैं। इस परिसर का विकास होने से धार्मिक पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा तथा स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मंदिर के विकास कार्यों से आम लोगों एवं श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी, इससे इस धार्मिक स्थल की महत्ता और बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व बिहार का अपना प्रमुख पर्व है। बिहार में सदियों से भगवान सूर्य की उपासना की परंपरा रही है। भगवान सूर्य ऊर्जा के शाश्वत स्रोत हैं और समस्त सृष्टि को जीवन एवं ऊर्जा प्रदान करते हैं। छठ महापर्व हमारी गहरी आस्था, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस महापर्व में लोग पूरी श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ भगवान भास्कर की आराधना करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के माध्यम से विभिन्न घाटों का निर्माण एवं विकास कराया जा रहा है, ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान सभी लोग सुरक्षित रहें और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से अपील की कि वे छठ महापर्व को पूरी श्रद्धा, शांति और सद्भाव के साथ मिल-जुलकर मनाएं। उन्होंने भगवान भास्कर से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से बिहार निरंतर प्रगति एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े और विकसित भारत का संकल्प साकार हो।

कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। श्री लोकेश कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से देवग्राम में सूर्य मंदिर परिसर के विकास कार्यों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस परिसर में मंगल भवन (जी+1) का निर्माण कराया गया है इससे शादी-विवाह एवं मांगलिक कार्य करने में लोगों को सहूलियत होगी तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को ठहरने एवं विश्राम करने की सुविधा होगी। छठ घाट का निर्माण कराया गया है, इससे लोगों को छठ महापर्व करने में सुविधा होगी तथा मंदिर परिसर सुंदर एवं आकर्षक दिखेगा। मंदिर परिसर की चहारदिवारी सहित पाथ-वे एवं मुख्य द्वार का आकर्षक ढंग से निर्माण कराया गया है जो पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्यमंत्री के सचिव सह पर्यटन विभाग के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, पर्यटन विभाग के निदेशक श्री उदयन मिश्रा, पर्यटन विभाग के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे जबकि वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सांसदगण, विधायकगण, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय लोग जुड़े हुये थे।

Join us on:

और पढ़ें