रिपोर्ट :- लक्ष्मण कुमार!
दरभंगा में 1.39 करोड़ की चांदी लूटकांड का खुलासा, BJP नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की समेत 5 गिरफ्तार; 62 किलो चांदी बरामद,रामबाग के रेस्टोरेंट में रची गई थी लूट की साजिश, सोभन-एकमी रोड पर हथियार के बल पर कारोबारी की गाड़ी रोककर की थी लूटपाट, ड्राइवर को मारी थी गोली।
दरभंगा से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहां सर्राफा कारोबारी से एक करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की चांदी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों में सबसे चर्चित नाम भाजपा के नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की का है। पुलिस के अनुसार, विशाल महासेठ भी लूट की साजिश में शामिल थे।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 62 किलो 195 ग्राम चांदी के कुल 56 बिस्कुट बरामद किए हैं, जिनकी कीमत एक करोड़ 39 लाख 25 हजार 460 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा करीब 5 लाख 94 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
दरअसल, बीते 7 नवंबर की रात सोभन-एकमी रोड पर एम्स के पास अपना गांव के निकट दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अपराधियों ने पश्चिम बंगाल के सर्राफा कारोबारी की डस्टर गाड़ी को हथियार के बल पर रोक लिया था। लूटपाट के दौरान कारोबारी के ड्राइवर कौशिक को गोली मार दी गई थी और चांदी से भरा बैग और बोरा लेकर अपराधी फरार हो गए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस लूटकांड की साजिश दरभंगा के रामबाग स्थित कुशल रेस्टोरेंट में रची गई थी। पुलिस के बयान के मुताबिक, विशाल महासेठ उर्फ विक्की ने ही कारोबारी के दरभंगा आने और उसके पास चांदी होने की जानकारी अन्य आरोपितों को दी थी।
इस मामले में पुलिस ने कुल 12 लोगों को नामजद किया है। नामजद आरोपितों में छोटू यादव, चंदन राय, सुमन सौरभ उर्फ सुमन, सौरभ आनंद उर्फ सर्वे, राहुल, निक्की साह, रविन्द्र कुमार उर्फ पालो, विशाल महासेठ उर्फ विक्की, धीरज सोनी, संतोष कुमार साह, तेजस अभिषेक चंद्र और कौशिक शामिल हैं।
पुलिस के स्वलिखित बयान के अनुसार, इन 12 नामजद आरोपितों में छोटू यादव, संतोष कुमार साह और तेजस अभिषेक चंद्र की गिरफ्तारी का उल्लेख है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस की जांच में लूट की साजिश से लेकर वारदात को अंजाम देने और लूटी गई चांदी छिपाने तक की कड़ियां सामने आई हैं।



