भूसे की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, ट्रक से लाखों की शराब जब्त!

SHARE:

रिपोर्ट – मिथुन कुमार!

इस वक्त की बड़ी खबर नालंदा जिले से है, जहां शराब तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। भूसे की आड़ में ट्रक से विदेशी शराब की तस्करी की जा रही थी, लेकिन तस्करों की चालाकी पुलिस के सामने काम नहीं आई। संयुक्त कार्रवाई में करीब 3200 लीटर 18720 छोटी बोतल विदेशी शराब बरामद की गई है, जबकि ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, मध निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर नालंदा उत्पाद विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की है। मध निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो पटना और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने दीपनगर थाना क्षेत्र में डीटीओ कार्यालय के पास बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन पर वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में भूसे की आड़ में छिपाकर रखे गए विदेशी शराब के 395 कार्टून बरामद हुए। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 3200 लीटर बताई जा रही है। इस कार्रवाई में ट्रक चालक पवन कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जो हरियाणा के भिवानी का रहने वाला बताया जा रहा है। उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि शराब को भूसे के बीच छिपाकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।फिलहाल गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है। उत्पाद विभाग शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटा है। सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां होनी थी?

Join us on: