ADG कुंदन कृष्णन ने भ्रष्टाचार से अर्जित की बेहिसाब बेनामी संपत्ति- सुधाकर सिंह!

SHARE:

रिपोर्ट :- अमित कुमार!


राजद सांसद सुधाकर सिंह ने एक प्रेस वार्ता कर वरिष्ठ IPS अधिकारी कुंदन कृष्णन पर भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोक सेवा आयोग से चुने गए कुछ अधिकारी नियमों के खिलाफ काम कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता में सुधाकर सिंह ने कहा कि जब उन्होंने आवाज उठाई तो उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुंदन कृष्णन को माता-पिता से मिली संपत्ति की वैल्यू 38 करोड़ बताई गई है, जो आश्चर्यजनक है। कुंदन कृष्णन और उनकी पत्नी द्वारा घोषित संपत्ति का बाजार मूल्य 87 करोड़ रुपये है।
सांसद ने दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि कैमूर जिले में 16 एकड़ 88 डिसमिल जमीन का बाजार मूल्य 2 करोड़ है, लेकिन कागज पर 17 लाख दिखाया गया। नालंदा में संपत्ति छुपाने और ट्रांसपोर्ट नगर में साढ़े चार कट्ठा तथा मालसलामी में 10 कट्ठा जमीन छुपाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां कुंदन कृष्णन ने जमीन खरीदी, वहीं-वहीं बिट्टू सिंह ने भी खरीदी है।
सुधाकर सिंह ने कहा कि उनके पास करीब साढ़े 3 करोड़ का कैश, सोना-चांदी और शेयर बाजार में निवेश है। शेयर मार्केट में अभी भी 36 लाख का शेयर है, 800 ग्राम से ज्यादा सोना परिवार के पास है, लेकिन पूरी जानकारी घोषित नहीं की गई। 2005 से 2008 तक पटना SSP रहते हुए करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया।
सुधाकर सिंह ने कहा कि मेरे घर के पास सुबह से पुलिस लगाकर डराने की कोशिश की जा रही है। मैं कोई दाऊद इब्राहिम नहीं, सुधाकर सिंह हूं। उन्होंने कहा कि बिहार में 3 साल से लोकायुक्त नहीं है, इसलिए अब हाईकोर्ट जाएंगे। अगर मेरी बात गलत है तो सरकार जांच कर बता दे।

Join us on: