मोकामा में दो अलग-अलग सड़क हादसों में टैंकर और सब्जी लदा ट्रक पलटा, ट्रक ड्राइवर की मौत!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

टैंकर पलटने का खौफनाक सीसीटीवी आया सामने!

बाढ़ अनुमंडल के मोकामा प्रखंड अंतर्गत औंटा-सिमरिया सिक्स लेन और मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक ड्राइवर की मौत हो गई और यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।

बाढ़ अनुमंडल के औंटा-सिमरिया 6 लेन स्थित औंटा गोलंबर पर एक तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित होकर गोलंबर के डिवाइडर से टकराकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। इस दुर्घटना के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़क जाम हो गया। टैंकर के डिवाइडर से टकराकर पलटने का सीसीटीवी विडियो भी सामने आया है। घायल चालक ने बताया कि बीपी लो हो जाने के कारण टैंकर अनियंत्रित हो गया था, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि टैंकर अत्यधिक रफ्तार में था। सूचना मिलते ही हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से टैंकर को हटवाकर घंटों की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।

इसी गोलंबर के पास मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर एक अन्य भीषण हादसे में सब्जी लदा ट्रक पलट गया, जिससे नासिक से बेगूसराय जा रहे इस ट्रक के खलासी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद यह हादसा हुआ, और टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अब फरार वाहन की पहचान करने और उसकी तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बाइट – जख़्मी व स्थानीय

Join us on: