:- रवि शंकर अमित!
श्री सम्राट चौधरी ने एकता दिवस के अवसर पर बिहार के 22 नक्सलमुक्त जिलों के 1100 प्रतिभागियों को लेकर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) जानेवाली पाटलिपुत्र-एकता नगर स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
मुख्य बिंदु :-
ये सभी प्रतिभागी 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे।
यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन के साथ राष्ट्रीय एकता और समावेशी विकास के प्रति बिहार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के नक्सलमुक्त भारत के संकल्प को साकार करते हुए 31 मार्च 2026 को बिहार को नक्सलमुक्त घोषित किया जा चुका है।
पटना, 28 अक्टूबर 2026 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नक्सलमुक्त भारत के संकल्प और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से बिहार के 22 नक्सलमुक्त जिलों के 1100 विशेष आमंत्रित प्रतिभागियों को लेकर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) जानेवाली विशेष आरक्षित पाटलिपुत्र एकता नगर स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी प्रतिभागी 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार की यह पहल प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिसमें देश के प्रत्येक क्षेत्र को विकास, सुरक्षा और समृद्धि के समान अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में नक्सलवाद के विरुद्ध चल रहे प्रयासों और विकास की मुख्यधारा से जुड़ते क्षेत्रों की नई पहचान को यह पहल राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगी। बिहार के नक्सलमुक्त जिलों से इतनी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की भागीदारी राष्ट्रीय एकता, शांति और विकास के संदेश को और मजबूती प्रदान करेगी। इस विशेष यात्रा के माध्यम से बिहार के प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता के प्रतीक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के स्थल पर आयोजित समारोह में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
यह पहल प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन के साथ राष्ट्रीय एकता और समावेशी विकास के प्रति बिहार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह आयोजन न केवल सरदार पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण के योगदान को सम्मान देगा, बल्कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी के ‘संकल्प से सिद्धि तक’ और नक्सलमुक्त भारत के लक्ष्य के प्रति कटिबद्धता का भी संदेश देगा।
मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित गुजरात जानेवाले सभी प्रतिभागियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भारत माता के उद्घोष से पूरा रेलवे परिसर गूंज उठा। प्रतिभागियों में गुजरात जाने का उत्साह चरम पर था।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के नक्सलमुक्त भारत के संकल्प को साकार करते हुए 31 मार्च 2026 को बिहार को नक्सलमुक्त घोषित किया जा चुका है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को 31 अक्टूबर, 2026 को गुजरात के केवड़िया में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह में बिहार एस०टी०एफ० के 206 पुलिसकर्मी एवं 22 नक्सलमुक्त जिलों के 1,100 ग्रामीण प्रतिभागी शामिल होंगे। यह यात्रा ‘संकल्प से सिद्धि’ तक बिहार की सफलता, जनभागीदारी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर जारी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संदेश देगी।
कार्यक्रम में गृह विभाग के प्रधान सचिव ने पौधा भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री श्री रामकृपाल यादव, विधायक श्री संजीव चौरसिया, विधान पार्षद श्रीमती अनामिका सिंह पटेल, गृह विभाग के प्रधान सचिव श्री पंकज कुमार, पुलिस महानिदेशक श्रीमती प्रीता वर्मा, ए०डी०जी०, विशेष शाखा श्री कुंदन कृष्णन, ए०डी०जी०, मुख्यालय श्री सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, गृह विभाग के विशेष सचिव श्री क्षत्रनील सिंह, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री जितेंद्र राणा, जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी, रेलवे के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



