:- रवि शंकर अमित!
बेगूसराय के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चमथा-1 पंचायत के चमथा रजौली स्थित गंगा नदी पार ढाव दियारा क्षेत्र में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक नाव अचानक अनियंत्रित होकर गंगा नदी में पलट गई। हादसे में दो लोग लापता हो गए हैं, जबकि चार लोग जख्मी हो गए। बाकी सवारों ने तैरकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नदी से बाहर निकाला गया। इनमें से दो घायलों चमथा रजौली निवासी उदगार महतो की 15 वर्षीय पुत्री पूनम कुमारी और विशो महतो के 16 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा में भर्ती कराया गया। वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज स्थानीय निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। अस्पताल में भर्ती घायल चंदन कुमार और उनके दादा भोला महतो ने बताया कि गांव से करीब 30 से 35 लोग गंगा पार करीब तीन किलोमीटर दूर ढाव में परवल की रोपनी करने गए थे। शाम को काम खत्म कर सभी लोग एक ही नाव पर सवार होकर वापस गांव लौट रहे थे। बीच नदी में नाव पर क्षमता से अधिक वजन होने के कारण वह डगमगाकर डूब गई। नाव डूबते ही चीख-पुकार मच गई। अधिकांश लोग किसी तरह तैरकर किनारे आ गए, लेकिन दो लोग तेज धार में बह गए जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एसडीपीओ कृष्ण कुमार, अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम और थानाध्यक्ष विकास कुमार राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। एसडीपीओ कृष्ण कुमार ने बताया कि नाव पलटने से दो लोगो की डूबने की सूचना मिली है। स्थानीय गोटाखोरो और प्रशासन की टीम की मदद से लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बाइट – चंदन कुमार
बाइट – पवन महतो
बाइट – भोला महतो



