रिपोर्ट- आशुतोष पांडेय!
कुआलालंपुर में ‘मिसेज एशिया’ के रूप में किया एशिया का प्रतिनिधित्व, 32 देशों की प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
आरा। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. रोहिणी झा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए ‘क्वीन ऑफ इंस्पिरेशन 2026’ का खिताब अपने नाम किया। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में करीब 32 देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
‘मिसेज इंटरनेशनल ग्लोबल’ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में डॉ. रोहिणी झा ने ‘मिसेज एशिया’ के रूप में एशिया का प्रतिनिधित्व किया। विभिन्न देशों से आई प्रतिभागियों के बीच हुए मुकाबले में उनके व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और प्रतिभा को सराहा गया। बेहतर प्रदर्शन के बाद उन्हें ‘क्वीन ऑफ इंस्पिरेशन 2026’ के खिताब से सम्मानित किया गया।
डॉ. रोहिणी झा वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग में सहायक प्राध्यापक हैं और वर्तमान में पटना में रहती हैं। शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली यह उपलब्धि विश्वविद्यालय और बिहार के लिए भी गौरव का विषय है।
खिताब जीतने के बाद डॉ. रोहिणी झा ने अपने समर्थकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कुआलालंपुर में एशिया का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गौरवपूर्ण अनुभव रहा। करीब 32 देशों की प्रतिभागियों के बीच यह सम्मान मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अपनी सफलता के लिए सभी के प्रेम, सहयोग और समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया।



