रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय
राज्यपाल सचिवालय ने अगले आदेश तक नामांकन स्थगित किया, पूर्व में किए गए नामांकन यथावत रहेंगे
आरा। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा में सीनेट एवं सिंडिकेट के लिए राज्यपाल के नामांकन की प्रक्रिया को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में राज्यपाल सचिवालय के अपर सचिव संजय कुमार ने 8 अक्टूबर 2026 को विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र जारी कर जानकारी दी है।
राज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों के सीनेट, सिंडिकेट, प्राचार्य के लिए स्थानांतरण समिति, स्क्रीनिंग समिति, चयन समिति तथा स्नातकोत्तर शिक्षकों के लिए स्थानांतरण समिति में राज्यपाल के प्रतिनिधि नामित किए गए हैं।

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सीनेट एवं सिंडिकेट के लिए माननीय कुलाधिपति के नामांकन को अगले आदेश तक स्थगित किया जाता है। हालांकि, पूर्व में जारी पत्र के शेष अंश तथा किए गए अन्य नामांकन यथावत रहेंगे।
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय समेत पटना विश्वविद्यालय, बीएन मंडल विश्वविद्यालय मधेपुरा, एलएन मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा, टीएम भागलपुर विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय बोधगया, केएसडीएसयू दरभंगा, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर, एमएमएच अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय पटना, पूर्णिया विश्वविद्यालय और मुंगेर विश्वविद्यालय को पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है।
राज्यपाल सचिवालय के इस आदेश के बाद वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में सीनेट और सिंडिकेट से जुड़े नामांकन को लेकर फिलहाल स्थिति अगले आदेश तक स्पष्ट रूप से स्थगित मानी जाएगी।



