इंजीनियर नारद दास के 5 ठिकानों पर EOU का छापा, 50 लाख कैश बरामद!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!


मुजफ्फरपुर में योजना एवं विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के ठिकाने पर आर्थिक अपराध इकाई की बड़ी कार्रवाई चल रही है। EOU ने मुजफ्फरपुर, भागलपुर, मुंगेर और पटना समेत कुल 5 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है।


मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट के सेकंड फ्लोर स्थित F अपार्टमेंट में सुबह 7 बजे से EOU की टीम छापेमारी कर रही है। टीम के साथ काजी मोहम्मदपुर थाने की पुलिस भी मौजूद है। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में कैश मिलने की सूचना है। सूत्रों के मुताबिक अब तक करीब 50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगाई गई है।

छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज और बड़ी मात्रा में जेवरात बरामद होने की भी सूचना है। जेवरात का वजन करने के लिए स्थानीय पुलिस एक आभूषण दुकानदार को इलेक्ट्रॉनिक तराजू के साथ मौके पर लेकर पहुंची है। हालांकि बरामदगी को लेकर EOU की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

नारद कुमार दास वर्तमान में मुंगेर में पदस्थापित हैं और कासिम बाजार थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहते हैं। वे मूल रूप से भागलपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मुंगेर स्थित उनके आवास पर भी EOU की टीम ने छापेमारी की है।

प्राथमिक जांच में EOU को नारद कुमार दास की वैध आय की तुलना में 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक संपत्ति का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसी आधार पर EOU ने विशेष न्यायालय निगरानी पटना से सर्च वारंट हासिल किया था। मुजफ्फरपुर में छापेमारी की खबर के बाद राधिका अपार्टमेंट के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई है।

Join us on:

और पढ़ें