नालंदा- बुझा घर का चिराग, करंट की चपेट में आकर गई किसान की जान!

SHARE:

रिपोर्ट – मिथुन कुमार!

नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से 38 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जीरायन नदी के समीप सड़क जाम कर दिया, जिससे जिससे करीब 30 मिनट के लिए यातायात प्रभावित रहा।

मृतक की पहचान गोड़वा गांव निवासी 38 वर्षीय सुलेंदर यादव, पिता कपिल यादव के रूप में हुई है।

परिजनों ने कहा कि सुलेंदर यादव खेत में खाद डालने के लिए गए थे। खेत से लौटने के दौरान रास्ते में लटका हुआ 11 हजार वोल्ट का बिजली तार उनके संपर्क में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर झुलसी हुई अवस्था में पड़े सुलेंदर यादव पर पड़ी। ग्रामीणों ने शोर मचाकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि बिजली के तार की चपेट में आने से उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि बिजली के तार को ठीक कराने के लिए पहले भी विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन तार की मरम्मत नहीं की गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते तार को ठीक कर दिया जाता तो यह हादसा नहीं होता।

आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर जीरायन नदी के समीप शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। सूचना मिलने पर सारे थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सका।

सारे थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस को कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: