:- रवि शंकर अमित!
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति के साथ विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है देश :- मुख्यमंत्री
मुख्य बिंदु :-
मिलर हाई स्कूल मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का शुभारंभ। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने मशाल प्रज्वलित कर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को रवाना किया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘मोदी 25’ प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया।
पटना, 07 अक्टूबर 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मशाल जलाकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए बिहार का समृद्ध और सशक्त होना आवश्यक है। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्षों तक तथा भारत के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ देश को आगे बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं और नेतृत्व ने हर संकट के समय देश के साथ खड़े होकर लोकतंत्र और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बिहार के लगभग 89 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। देश के 10 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में इस योजना के तहत सीधे राशि भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 1 करोड़ 81 लाख जीविका दीदियों के बैंक खातों में राशि भेजी गई है, जिससे महिलाएं स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। बिहार में 50 लाख लखपति दीदियां बन चुकी हैं। वर्ष 2030 के विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में एक करोड़ करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, हर घर नल का जल, पी०एम० सूर्य घर योजना, किसानों के लिए सहायता तथा आधारभूत संरचना के विकास सहित अनेक योजनाओं से आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों के लिए बड़ी संख्या में पक्के मकान बनाए गए हैं तथा स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के पिछले 25 वर्षों के सेवा काल में गुजरात के साथ-साथ भारत में भी व्यापक परिवर्तनआया है। विकसित भारत संकल्प सभा में उपस्थित लोगों से मेरा आह्वान है कि विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण में आपना सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने भी संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी ने उपस्थित लोगों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दिलाया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल पर आधारित मोदी @ 25′ प्रदर्शनी का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में श्री नरेंद्र मोदी के 13 वर्षों के कार्यकाल तथा भारत के प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 12 वर्षों में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों और संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
इस अवसर पर बिहार राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष श्री रूपनारायण मेहता ने मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी को पौधा, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री नीतीश मिश्रा, सांसद श्री रविशंकर प्रसाद, सांसद श्री भीम सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक श्री संजय सरावगी, विधायक श्री संजीव चौरसिया, भाजपा संगठन महामंत्री श्री भीखू भाई दलसानिया, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री श्री सिद्धार्थ शंभू, बिहार राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष श्री रूपनारायण मेहता सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।



