मधुबनी- नेपाली शराब और गांजे की खेप के साथ एसएसबी ने एक तस्कर को दबोचा!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

48 वीं वाहिनी एस एस बी जयनगर की बड़ी कार्रवाई: 10 किलोग्राम गांजा एवं 240 लीटर नेपाली शराब बरामद, एक नाबालिग सहित तीन दोपहिया वाहन जब्त

मधुबनी, 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के ‘सी’ समवाय पिपरौन द्वारा आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लगभग 10 किलोग्राम गांजा एवं 240 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग व्यक्ति को पकड़ा गया, जबकि दो अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए। घटनास्थल से कुल तीन दोपहिया वाहन एवं एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को एसीएन से प्राप्त विश्वसनीय आसूचना के आधार पर सूचना मिली कि सीमा स्तम्भ संख्या 284/20 के रास्ते नेपाल से भारत की ओर कुछ दोपहिया वाहनों पर संदिग्ध सामान लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर समवाय प्रभारी द्वारा विशेष नाका दल का गठन किया गया।
नाका दल द्वारा सीमा स्तम्भ संख्या 284/20 से लगभग 250 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में, पिपरौन गांव के समीप पुलिया संख्या-1 के पास निगरानी की जा रही थी। लगभग 02. 12 बजे नेपाल की ओर से क्रमवार तीन दोपहिया वाहन भारत की ओर आते दिखाई दी। नाका दल द्वारा वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया।
इस दौरान आगे चल रही नीले रंग की एक्टीवा स्कूटी को एक व्यक्ति सहित पकड़ लिया गया, जबकि पीछे से आ रहे दो अन्य दोपहिया वाहनों पर सवार व्यक्ति अपने वाहन मौके पर छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गए।

मौके पर तलाशी के दौरान एक्टीवा स्कूटी में रखी प्लास्टिक की बोरी से लगभग 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त फरार व्यक्तियों द्वारा छोड़े गए दो अन्य दोपहिया वाहनों की जांच करने पर उनमें से कुल 240 लीटर नेपाल निर्मित शराब, 800 बोतल सभी बोतल 300 मिलीलीटर की बरामद हुई। मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

पकड़े गए व्यक्ति की आयु 15 वर्ष पाई गई है। नाबालिग की पहचान संबंधी विवरण गोपनीय रखते हुए उसे नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित प्राधिकरण को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।
बरामद गांजा एवं अन्य सामग्री को नियमानुसार जब्त कर पैक एवं सीलबंद किया गया। पकड़े गए नाबालिग तथा बरामद सामग्री को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु हरलाखी थाना को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है।

कमांडेंट राजेन्द्र कुमार 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा है कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों एवं अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध एस एस बी द्वारा आसूचना आधारित अभियान लगातार जारी है। सीमा की सुरक्षा एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एस एस बी द्वारा सतत निगरानी तथा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखा जा रहा है।

Join us on:

और पढ़ें