नालंदा- पुरानी रंजिश का खौफनाक अंजाम, पहले किया पथराव और मारपीट फिर मार दी गोली!

SHARE:

रिपोर्ट – मिथुन कुमार!

नालंदा के चंडी थाना क्षेत्र के भट्टना बीघा गांव में पूर्व के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी और रोड़ेबाजी की घटना सामने आई है। गोलीबारी में एक अधेड़ व्यक्ति को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान भट्टना बीघा निवासी सुरेंद्र गोप के रूप में हुई है। बताया जाता है कि भट्टना बीघा गांव में गोतिया के बीच पहले से मारपीट को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर शनिवार की सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र गोप घास काटने के लिए जा रहे थे, तभी मुकेश कुमार, धर्मवीर, दयानंद और मुसाफिर ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच रोड़ेबाजी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मुकेश कुमार ने सुरेंद्र गोप पर गोली चला दी। गोली अधेड़ के पेट में जा लगी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।परिजनों का आरोप है कि घायल सुरेंद्र गोप के चाचा सिकंदर गोप चंडी थाना में चौकीदार हैं और उन्होंने पूर्व में भी विवाद को लेकर थाना में जानकारी देने के साथ लिखित आवेदन दिया था। समय रहते मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके बाद गोलीबारी की घटना सामने आई।हालांकि, इस मामले में चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश झा ने बताया कि गोलीबारी और रोड़ेबाजी के पीछे रास्ते का विवाद सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मिथुन कुमार, संवाददाता नालंदा

Join us on: