नवादा- युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत, कमरे से शव बरामद!

SHARE:

रिपोर्ट – सोनू सिंह!

नवादा जिले के कादिरगंज बाजार में सोमवार को 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। मृतका की पहचान राजेंद्र प्रसाद की पुत्री निशा कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

परिजनों के अनुसार घटना के समय घर में एक महिला मौजूद थी, जो नहाने के लिए गई थी। इसी दौरान निशा कमरे के अंदर चली गई। कुछ देर बाद घर से चीखने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कमरे का गेट अंदर से बंद था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह स्थिति संभालने के बाद युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उनकी बेटी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। उन्होंने कहा कि घर में किसी तरह की परेशानी या डांट-फटकार की बात सामने नहीं आई थी। परिवार का कहना है कि निशा को किसी ने कभी परेशान नहीं किया और आत्महत्या का कारण उन्हें भी पता नहीं है।

प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि युवती ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाई होगी। हालांकि पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि कहीं युवती को किसी ने आग लगाकर तो नहीं जलाया। घटना के वास्तविक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस की टीम पहुंचकर जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन कारण अभी स्पष्ट नहीं है। कमरे का गेट अंदर से बंद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Join us on: