रिपोर्ट – अवधेश कुमार!
: गोपालगंज में नेपाल के तराई इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण वाल्मीकिनगर बैराज से गंडक नदी में पानी छोड़े जाने के बाद नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को लेकर गोपालगंज जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है.
इसी स्थिति का जायजा लेने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी डुमरिया घाट पुल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गंडक नदी के जलस्तर और आसपास के इलाकों की स्थिति की जानकारी ली.
मुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। मौके पर जिले के विधायक, डीएम, एसपी सहित प्रशासन और जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को गंडक नदी के जलस्तर, नेपाल से आने वाले पानी और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंडक नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए। बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव की पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत शिविरों की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को समय रहते संभावित खतरे की जानकारी दी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया.
वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि फिलहाल जिले में बाढ़ जैसे हालात नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गंडक नदी के जलस्तर में करीब 10 सेंटीमीटर तक और बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि, सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है.
जिला प्रशासन की टीमें गंडक नदी के जलस्तर और नेपाल से आने वाले पानी की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील और निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों और संबंधित टीमों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है.




