मुख्यमंत्री ने वैशाली, सारण, पूर्वी चम्पारण और गोपालगंज जिला के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई किया सर्वेक्षण!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

प्रेस विज्ञप्ति

मुख्यमंत्री ने वैशाली, सारण, पूर्वी चम्पारण और गोपालगंज जिला के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई किया सर्वेक्षण, डुमरिया घाट पर गंडक नदी के बढ़े हुये जलस्तर का किया स्थल निरीक्षण, राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर दिया निर्देश

निर्देश :-

  1. संवेदनशील एवं निचले क्षेत्रों की लगातार निगरानी हो, राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतें। प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं ससमय पहुंचायें।
  2. जल संसाधन विभाग तटबंधों की सतत् निगरानी करे। आवश्यक सतर्कता बरती जाय। नाइट पेट्रोलिंग कराना सुनिश्चत करें।

पटना, 28 सितम्बर 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज बाढ़ प्रभावित वैशाली जिला, सारण जिले के हैजलपुर मकेर, पूर्वी चम्पारण और गोपालगंज जिला के डुमरिया घाट ब्रिज और पुछरिया क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। मुख्यमंत्री ने डुमरिया घाट पर गंडक नदी के बढ़े हुये जलस्तर का स्थल निरीक्षण कर अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि डुमरिया घाट के पास गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से लगभग डेढ़ मीटर ऊपर है, रात में लगभग 50 सेंटीमीटर और बढ़ने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की अधिकारियों से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी का निर्देश दिया। साथ ही पूरी तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने तथा प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता शीघ्र पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता के साथ लोगों के बीच रहकर राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता देनी है। जल संसाधन विभाग तटबंधों की सतत् निगरानी करे। आवश्यक सतर्कता बरती जाय। साथ ही नाइट पेट्रोलिंग कराना सुनिश्चत करें। प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन, एस०डी०आर०एफ० और एन०डी०आर०एफ० के साथ बेहतर समन्वय बनाकर आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करे। प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ राहत शिविर एवं सामुदायिक रसोई केन्द्र के माध्यम से लोगों को भोजन एवं राहत उपलब्ध कराते रहें, इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिये।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, सांसद श्री राधामोहन सिंह, विधायक श्री कृष्णनंदन पासवान, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, पूर्वी चम्पारण के जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव, गोपालगंज के जिलाधिकारी श्री समीर सौरव, पूर्वी चम्पारण के पुलिस अधीक्षक श्री स्वर्ण प्रभात, गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक श्री विनय तिवारी सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।

Join us on: