रिपोर्ट – अवधेश कुमार
: गोपालगंज में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। वाल्मीकिनगर बराज से करीब 4.16 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। वहीं, नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण गंडक नदी में आने वाले समय में पानी का स्तर और बढ़ने की संभावना जताई गई है.प्रशासन ने निचले और कैचमेंट एरिया में रहने वाले लोगों से समय रहते सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है.
सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह ने बताया कि नेपाल में अधिक बारिश के कारण वाल्मीकिनगर बराज से करीब चार लाख क्यूसेक या उससे अधिक पानी छोड़े जाने की संभावना है। यह पानी गोपालगंज में पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी अंचल अधिकारियों को कैचमेंट एरिया में लगातार माइकिंग कराने का निर्देश दिया गया है.
प्रशासन की ओर से लोगों के साथ-साथ मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की अपील की जा रही है। तटबंधों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है और प्रशासनिक टीमें लगातार संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर रही हैं.
कुचायकोट के मितानिया में रेन कट की सूचना मिलने पर भी टीम ने मौके का निरीक्षण किया। हालांकि, जांच के दौरान वहां किसी तरह का रेन कट या बांध को नुकसान पहुंचाने वाली स्थिति नहीं मिली.
एसडीएम ने बताया कि सारण तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है। पूर्व में भी करीब साढ़े पांच से छह लाख क्यूसेक तक पानी आने के बावजूद तटबंध को कोई क्षति नहीं हुई थी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सावधानी बरतते हुए निचले इलाकों को खाली कर ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं.




