रिपोर्ट – मनोज कुमार!
नेपाल में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार मूसलधार बारिश के बाद गंडक नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। नेपाल के देवघाट से गंडक नदी में करीब 4.22 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किए जाने की सूचना है। इसके बाद पश्चिम चंपारण समेत गंडक नदी से जुड़े बिहार के कई जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर एक बजे तक गंडक नदी में करीब 2.90 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। पानी बढ़ने के साथ ही पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर क्षेत्र के भेड़िहारी, रोहुआ टोला, चकदहवा समेत कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति गंभीर हो गई है।
गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड में है। प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से लोगों को ऊंचे स्थानों और निर्धारित आश्रय स्थलों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
गंडक नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सारण समेत गंडक नदी के आसपास के कई जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।




