रिपोर्ट – मनोज कुमार!
खबर बगहा के पश्चिमी चंपारण से है जहां वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के वन प्रमंडल-2 अंतर्गत मदनपुर वन क्षेत्र में बुधवार को बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई। घटना नौरंगिया थाना क्षेत्र के सिरिसिया घोटहवा टोला से सटे मस्जिदिया सरेह की है। मृतका की पहचान सिरिसिया निवासी कोलाई मियां की पत्नी सलमा खातून (35) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सलमा खातून बुधवार दोपहर भोजन के बाद पशुओं के लिए चारा लाने सरेह की ओर गई थीं। बताया गया कि जंगल से करीब 200 मीटर की दूरी पर वह चारा काट रही थीं। इसी दौरान बाघ ने अचानक महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। गंभीर चोट के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर मदनपुर रेंजर नसीम अंसारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। नौरंगिया थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मदनपुर रेंजर नसीम अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला जंगल से करीब 200 मीटर दूर चारा काट रही थी, इसी दौरान बाघ ने हमला किया। उन्होंने बताया कि विभागीय नियमानुसार मृतका के परिजनों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही प्रशिक्षित वनकर्मियों की टीम बाघ की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि सलमा खातून की तीन बेटियां हैं और तीनों अविवाहित हैं। घटना के बाद परिवार में मातम है, जबकि ग्रामीणों में बाघ की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है।



