समस्तीपुर- कब्रिस्तान से 3 जिंदा बम बरामद, मचा हड़कंप, जाँच में जुटी पुलिस!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!

कब्रिस्तान में मिले तीन संदिग्ध जिंदा बम, समस्तीपुर के खानपुर में मचा हड़कंप

समस्तीपुर। जिले के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनमनपुर उत्तरी पंचायत के सुरोल गांव स्थित कब्रिस्तान में बुधवार को तीन संदिग्ध जिंदा बम मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बम मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने तत्काल इसकी सूचना खानपुर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही खानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कब्रिस्तान में पड़े तीन संदिग्ध बमों को देखकर आसपास के लोगों को मौके से दूर रहने की अपील की। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके को सुरक्षित कर दिया।
पंचायत के मुखिया पति डॉ. परवेज आलम ने बताया कि मस्जिद के मौलाना मजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर काले प्लास्टिक में रखी एक ऐसी वस्तु पर पड़ी, जो दूर से नारियल जैसी दिखाई दे रही थी। उन्होंने इसकी जानकारी उन्हें दी। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो वहां तीन बम जैसी संदिग्ध वस्तुएं पड़ी थीं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी सूचना दी है। एफएसएल टीम की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद वस्तुएं वास्तव में बम हैं या नहीं।
खानपुर थाना प्रभारी सह अपर थानाध्यक्ष पूनम कुमारी ने बताया कि ग्रामीणों के माध्यम से कब्रिस्तान के पास तीन बम होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो तीन संदिग्ध जिंदा बम जैसी वस्तुएं मिलीं। एफएसएल टीम को सूचना दी गई है। फिलहाल लोगों से मौके से दूर रहने की अपील की गई है। संदिग्ध वस्तुएं कब्रिस्तान में कैसे पहुंचीं और इन्हें वहां किसने रखा, इसकी जांच की जा रही है।

Join us on: