रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!
वैशाली में लाइन होटल पर स्कॉर्पियो गैंग का तांडव, 35 बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग; ग्राहक को लगी गोली, संचालक को अगवा कर काटी उंगली
हाजीपुर / लालगंज — वैशाली जिले के लालगंज में गुरुवार रात लाइन होटल पर गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। पहले स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने होटल में विवाद किया और फिर 20 मिनट बाद 30-35 बदमाशों के साथ लौटकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
क्या है पूरा मामला –
घटना लालगंज थाना क्षेत्र के बेदौली चौक स्थित विनोद सिंह लाइन होटल की है। गुरुवार रात 4-5 लोग स्कॉर्पियो से होटल पर पहुंचे थे। होटल में खाना खा रहे ग्राहकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। होटल संचालक राजा सिंह ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
आरोप है कि इसके 20 मिनट बाद ही बदमाशों का झुंड दोबारा दो गाड़ियों से लौटा और होटल पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगा। अचानक फायरिंग से होटल में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
ग्राहक को लगी गोली, हाजीपुर रेफर –
फायरिंग में जफराबाद निवासी बलराम राय के पुत्र वैदिक कुमार को गोली लग गई। उसे गंभीर हालत में पहले लालगंज रेफरल अस्पताल और फिर सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया है।
संचालक को अगवा कर काटी उंगली –
होटल संचालक राजा सिंह ने आरोप लगाया है कि फायरिंग के बाद बदमाश उसे जबरन उठाकर कुसदे पोखर के पास ले गए। वहां उंगली काट दी।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ गोपाल मंडल के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच में जुट गई है।
वाइट—एसडीपीओ लालगंज
वाइट—घायल युवक




