मुंगेर- पीएम के जन्मदिन पर हार चढ़ाकर श्रद्धांजलि देने वाला राजद नेता मो. जुनैद गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार!

– पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर फोटो पर माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि देने और जाहिल बताने वाले आरजेडी नेता सैय्यद जुनैद गिरफ्तार , एसपी के निर्देश पर केस दर्ज।बीजेपी नेता बोले धारा 370 और तीन तलाक से इन्हें खुन्नस,अरब देशों में सम्मानित पीएम का अपमान निंदनीय।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक ,अपमान जनक और अभद्र टिप्पणी करने के मामले में राजद नेता मुंगेर नगर अध्यक्ष सैयद जुनैद मखमूर को कासिम बाजार थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी नेता ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर गुरुवार को एक के बाद कई पोस्ट सोशल मीडिया पर किया जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री की फोटो पर माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि देते हुए पोस्ट शेयर कर लिखा कि हैप्पी बर्थडे फ्रॉम अंधभक्त ,जाहिलों का जन्मदिन मनाने से अच्छा हमलोग महान लोगों को याद करें ,मनहूसियत के दिन रुपया गिर गया ,हैप्पी विनाश डे टू यू सहित कई पोस्ट किए।वहीं उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि कोरोना काल में जैसे थाली बजाकर गो कोरोना बोला था वैसे ही आज 17 सितंबर को दीया,अगरबत्ती और लाइट जलाकर गो महामानव का नारा लगाएं यह देशहित में अच्छा होगा और हर भारतीयों के लिए भी अच्छा होगा।उन्होंने कहा है कि अगर गो महामानव का मंत्र काम कर जाता है तो देश फिर महान हो जायेगा और विश्वगुरु हो जायेगा।

वहीं देखते ही देखते आरजेडी नेता का पोस्ट वायरल हो गया और जब इसकी जानकारी बीजेपी नेताओं को हुई तो सैयद जुनैद मखमूर पर कार्रवाई की मांग शुरू हो गई।वहीं बीजेपी अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य राजेश जैन ने मामले की जानकारी एसपी सैयद इमरान मसूद को दी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।वहीं सूचना के बाद एसपी सैयद इमरान मसूद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। वहीं एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आरजेडी नेता को उसके घर से हिरासत में लिया।

वहीं बीजेपी अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य राजेश जैन ने बताया कि इस तरह की हरकत से बीजेपी नेताओं में आक्रोश है। प्रधानमंत्री पद इस देश का गौरव है और उनके खिलाफ इस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने बताया कि यह अभिव्यक्ति की आजादी नहीं बल्कि प्रधानमंत्री पद का अपमान है।उन्होंने कहा कि आरजेडी नेता प्रधानमंत्री की फोटो शेयर कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं और पीएम को जाहिल बता रहे हैं।इन लोगों को मोदी जी से खुन्नस होना स्वाभाविक है कश्मीर से धारा 370 हटा है , तीन तलाक पर रोक लगा है।उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद चलता है लेकिन आप एक संवैधानिक पद पर बैठे देश के प्रधानमंत्री और दुनिया के सबसे मजबूत,लोकप्रिय नेताओं में से एक के खिलाफ ऐसी भाषा बोल रहे हैं।उन्होंने कहा कि आपको मालूम होना चाहिए कि अरब , कतर, ओमान , दुबई, सऊदी अरब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हाथों हाथ लिया जाता है और उन्हें निशान ए जेड से सम्मानित किया जाता है और पूरी दुनिया उन्हें सम्मान करती है और आप किसकी भाषा बोल रहे हैं।उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा निन्दनीय है और मैने एसपी मुंगेर से आग्रह किया है कि ऐसे लोगों पर लगाम लगाना ही पड़ेगा क्योंकि इस सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर लोगों में काफी रोष है और इससे सांप्रदायिक माहौल भी खराब हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ सबका विकास ,सबका विश्वास और सबका प्रयास को लेकर चलते हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को एसपी से मिलकर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।

वहीं कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री पर अभद्र , अपमानजनक और आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में सैयद जुनैद मखमूर को गिरफ्तार किया गया है।मेरे बयान पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Join us on: