गेहुआ नदी में मिला 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में मचा हड़कंप!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल :- जिले के मरौना थाना क्षेत्र के अगरगरहा गांव के पास बुधवार को गेहुआ नदी से करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मरौना थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मरौना थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शव काफी पुराना होने के कारण निर्वस्त्र अवस्था में मिला और शरीर गलने लगा है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया शव के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या अन्य निशान नहीं मिले हैं। हालांकि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नदी तक कैसे पहुंचा, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मरौना थानाध्यक्ष रमन भास्कर ने बताया कि अगरगरहा गांव के पास गेहुआ नदी से करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। शव पर किसी तरह के निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लापता लोगों की जानकारी भी जुटा रही है, ताकि शव की पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही व्यक्ति की मौत के कारण और शव के नदी में पहुंचने की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Join us on: