रिपोर्ट :- संतोष चौहान
सुपौल :- बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ की जिला इकाई सुपौल ने ग्रामीण विकास सेवा में सुधार और विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में 21 सितंबर से सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में संघ की ओर से जिलाधिकारी, सुपौल को लिखित सूचना एवं अनुरोध पत्र सौंपा गया है।
संघ ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में सामूहिक अवकाश के निर्णय से अवगत कराते हुए अपनी मांगों को राज्य सरकार के समक्ष अग्रसारित करने का अनुरोध किया है। संघ का कहना है कि सेवा सुधार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को पिछले कई वर्षों से विभाग एवं सरकार के समक्ष रखा जाता रहा है। बावजूद इसके अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण सामूहिक अवकाश का निर्णय लेना पड़ा है।
संघ की ओर से जारी पत्रांक 72, दिनांक 7 सितंबर 2026 के माध्यम से भी मांगों की पूर्ति होने तक सामूहिक अवकाश पर जाने का आह्वान किया गया था। इसी क्रम में जिला इकाई सुपौल के निदेशक, डीआरडीए, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी, ग्रामीण विकास पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारियों ने सामूहिक अवकाश के निर्णय के समर्थन में लिखित सहमति दी है।
संघ ने जिलाधिकारी से मांगों को अपने स्तर से राज्य सरकार को अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल करने का आग्रह किया है। संघ का कहना है कि सामूहिक अवकाश का निर्णय ग्रामीण विकास सेवा को सुदृढ़ करने, लंबित सेवा संबंधी मामलों के समाधान और सरकार का ध्यान मांगों की ओर आकृष्ट कराने के उद्देश्य से लिया गया है।




