हाजीपुर पहुंचे चिराग पासवान,बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का किया दौरा,राहत सामग्री का भी किया वितरण!

SHARE:

रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!

हाजीपुर। लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र हाजीपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया।

उन्होंने गंगा ब्रिज के समीप बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का भ्रमण किया, प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली।

इस दौरान राहत शिविर स्थित सामुदायिक भवन में संचालित भोजनालय का निरीक्षण करते हुए एक भावुक नजारा देखने को मिला। वैशाली डीएम वर्षा सिंह खुद टेबल पर थाली लगा रही थीं और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान टेबल पर बैठकर बाढ़ पीड़ित मासूम बच्चों के साथ एक ही थाली में चावल-दाल-सब्जी खाते नजर आए। उन्होंने शिविर में पेयजल, भोजन, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा छात्र-छात्राओं के बीच पठन-पाठन सामग्री का वितरण भी किया।

इसके बाद वे हाजीपुर के सराय स्थित वार्ड नं. 43 पहुंचे, जहां बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी।

चिराग पासवान ने कहा कि बाढ़ की इस आपदा में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा रहना हमारी पार्टी की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत कार्यों में पूरी तत्परता से जुटे रहने का आह्वान किया।

इस मौके पर बिहार सरकार के मंत्री संजय पासवान, विधान पार्षद अशरफ अंसारी, डीएम वर्षा सिंह, एसपी शुभांक मिश्रा सहित कई अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Join us on: