रिपोर्ट – अमित कुमार!
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर पार्टी ने चिंता जताई है। इसी मामले को लेकर आज लोजपा रामविलास के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बिहार के डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि जब भी चिराग पासवान बिहार के दौरे पर आएं, उनकी सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाए।
लोजपा रामविलास के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक के नेतृत्व में पार्टी का सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बिहार के डीजीपी विनय कुमार से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में अशरफ अंसारी, लोजपा रामविलास के एमएलसी, विधायक राजू तिवारी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे।
पार्टी नेताओं ने डीजीपी को ज्ञापन सौंपते हुए चिराग पासवान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। नेताओं का कहना है कि चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरतने की जरूरत है।
लोजपा रामविलास के नेताओं ने कहा कि चिराग पासवान को पहले से ही Z श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, लेकिन बिहार में उनके आने-जाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कहा कि जिस तरह से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को धमकी मिली है, उससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। इसी को देखते हुए पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी से मुलाकात कर उनकी सुरक्षा और कड़ी करने की मांग की है।
लोजपा रामविलास ने साफ कहा है कि चिराग पासवान जब भी बिहार आएं, उनकी सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।



