मोतिहारी- बंद चीनी मिलों को किया जायेगा चालू,नई चीनी मिलें भी होंगी स्थापित – मुख्यमंत्री!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

मोतिहारी में मेडिकल कॉलेज और अटल कला भवन बनेगा, पुरानी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने के साथ नई चीनी मिल भी स्थापित की जाएगी :- मुख्यमंत्री

मुख्य बिंदु :-

बरियारपुर एयरपोर्ट के समीप मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में कार्य किया जाएगा। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से अटल कला भवन का निर्माण मोतिहारी में कराया जाएगा।

चंपारण में एयर कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाएगा तथा बरियारपुर में रात्रिकालीन हेलीकॉप्टर लैंडिंग की सुविधा के लिए ATC व्यवस्था विकसित करने का प्रयास होगा।

बिहार के विद्यार्थियों को JEE एवं NEET की तैयारी के लिए करीब 700 केंद्रों पर सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर काम किया जा रहा है।

पटना 01 सितम्बर 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज मोतिहारी के महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में किसान समृद्धि सम्मेलन एवं बुद्धिजीवी, श्रमजीवी, समाजसेवी सम्मान समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मोतिहारी के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोतिहारी के विकास को नई गति देने के लिए आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। सांसद श्री राधा मोहन सिंह के आग्रह पर मेडिकल कॉलेज के लिए शहर से दूर प्रस्तावित जमीन के स्थान पर बरियारपुर एयरपोर्ट के समीप जमीन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। बरियारपुर की जमीन पर ही मेडिकल कॉलेज बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोतिहारी में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के मोतिहारी से जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र में कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच प्रदान करेगा। उन्होंने सांसद श्री राधा मोहन सिंह के आग्रह पर शहर में केंद्रीय विद्यालय को नजदीक लाने की दिशा में भी प्रयास का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। मोतिहारी में भी पुरानी चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने के प्रयास के साथ नई चीनी मिल स्थापित की जाएगी ताकि क्षेत्र के गन्ना किसानों को स्थानीय स्तर पर बेहतर बाजार और रोजगार के अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपारण क्षेत्र में एयर कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाएगा। रक्सौल और वाल्मीकिनगर में एयरपोर्ट तथा मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने बरियारपुर में रात के समय भी हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ATC व्यवस्था विकसित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, बिजली, एयरपोर्ट और अन्य आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है। विद्यार्थियों को JEE और NEET की तैयारी के लिए पटना, दिल्ली या कोटा जाने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए करीब 700 केंद्रों पर लगभग तीन लाख बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने की योजना बनाई गई है। डिजिटल माध्यम से विद्यार्थियों को जरूरत पड़ने पर रात में भी शिक्षकों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में करीब 1.90 करोड़ घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें लगभग 1.70 करोड़ परिवारों का पिछले एक वर्ष से बिजली बिल शून्य आया है। उन्होंने इसे बिहार में बदलाव की बड़ी शुरुआत बताया। उन्होंने छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्कूल-कॉलेजों के आसपास ‘पुलिस दीदी की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए करीब 1,000 टीमों का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के समृद्ध बिहार के लक्ष्य को पूरा करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ किसी दल या व्यक्ति को देखकर नहीं, बल्कि सभी वर्गों और परिवारों को समान रूप से दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने किसान, बुद्धिजीवी, श्रमजीवी, समाजसेवी और मीडिया प्रतिनिधियों के सम्मान की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों का सम्मान लोकतंत्र को मजबूत करता है। उन्होंने सांसद श्री राधा मोहन सिंह को उनके 77वें जन्मदिन पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु एवं निरंतर सक्रिय जीवन की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसान समृद्धि सम्मान समारोह में चंपारण के पांच
प्रगतिशील किसानों श्री राजेश्वर कुशवाहा, श्रीमती रीना देवी, श्री राजेश कुमार यादव, श्री प्रमोद कुमार कुशवाहा एवं श्री रीतेश कुमार को अंगवस्त्र प्रदान कर कृषि क्षेत्र में उनके
उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ० राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कृषि विज्ञान केंद्र, पिपराकोठी, पूर्वी चंपारण एवं बुद्धिजीवी, श्रमजीवी, समाजसेवी सम्मान समारोह आयोजन समिति, मोतिहारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सांसद सह पूर्व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री राधा मोहन सिंह, केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे, कला, संस्कृति एवं युवा सह खान एवं भूतत्व मंत्री श्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Join us on: